रायपुर। भाजपा के संगठन ही सेवा अभियान में कोरोना संक्रमितों और लाकडाउन से प्रभावितों के बचाव के लिए उपाय किया जा रहा है। रायपुर पश्चिम विधानसभा को चार मंडल में बांटकर गरम भोजन, मास्क और भाप मशीन बांटने का काम किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री राजेश मूणत के निर्देशन में 14 अप्रैल से पं. दीनदयाल रसोई के जरिए अब तक एक लाख तीस हजार गरम भोजन के पैकेट का नि:शुल्क वितरण किया जा चुका है। इसके अलावा 30 हजार एन-95 मास्क और पांच हजार से ज्यादा भाप मशीन का भी वितरण किया गया।
भाजपा केंद्रीय संगठन ने सभी स्तर पर प्रभावितों की मदद का निर्देश दिया गया है। राजेश मूणत ने बताया कि पार्टी का लक्ष्य कोरोना संक्रमण काल में जरूरतमंदों की जनसेवा करना है। जनसेवा के तहत गत वर्ष भी सूखा राशन, मास्क और सेनेटाइजर का वितरण किया गया था। इस वर्ष भी लाकडाउन अवधि तक यह सिलसिला जारी है।
पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों गुढियारी मंडल, दीनदयाल उपाध्याय मंडल, तात्यापारा मंडल और रामसागर पारा मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की टीम इस काम में जुटी है। प्रतिदिन पांच हजार पैकेट गरम भोजन का निर्माण कर वितरण की जिम्मेदारी संभाले हुए है।
गरम भोजन के पैकेट का वितरण सुबह-शाम गरीब, घुमंतू, रिक्शा ठेला चलाने वाले और अन्य जरूरतमंदों के बीच वितरित किया जारहा है। दूरदराज तक भी कार्यकर्ता भोजन पैकेट का वितरण कर रहे है। खासकर एम्स और मेकाहरा के अलावा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में गरम भोजन जरूरतमंदों को बांटा जा रहा है।
100 बिस्तर जैनम कोविड अस्पताल भी
राजधानी के माना एयरपोर्ट के सामने जैनम मानस भवन में सर्वसुविधायुक्त 100 बिस्तर कोविड सेंटर भी प्रारंभ किया गया है। पूर्व मंत्री मूणत और समाजिक एकजुटता से तैयार इस सेंटर में प्रतिदिन कोरोना मरीजों की नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। यहां छह आइसीयू बेड, 42 आक्सीजन बेड और पैथोलाजी लैब ,एम्बुलेंस समेत विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधाएं उपलब्ध है।
मूणत ने बताया कि इसके अलावा यहां 16 नान एसी शेयर्डबेड, 16 एसी शेयर्ड बेड, सात डाक्टर नियमित रूप से तैनात है। दो विशेषज्ञ डाक्टर लगातार कोविड मरीजों का हालचाल देखते है। डाक्टरों के साथ 30 नर्स, 25 वार्ड ब्यॉय, 20 सर्पोटिंग स्टॉफ और दो एम्बुलेंस की सेवाएं 24 घंटे के लिए रखी गई है।
हेल्प डेस्क के माध्यम से मरीजों की कर रहे सेवा
भाजपा ने सोमवार को शहर में दो और मंडल पुरानीबस्ती मंडल और तेलीबांधा मंडल में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, सुनील सोनी और श्रीचंद सुंदरानी की वर्चुअल उपस्थिति में दीनदयाल रसोई का शुभारंभ किया। भाजपा मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि 10 स्थानों से भोजन वितरण का कार्य कर रहे है।
