राजनांदगांव। छुरिया ब्लॉक के ग्राम लाटमेटा (नवाटोला) के ग्रामीणों ने कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के लिए जागरूकता की मिसाल पेश की है। गांव को कोरोना मुक्त करने के लिए ग्रामीणों ने एकजुट होकर सौ फीसद टीकाकरण का संकल्प लिया, जिसका परिणाम भी सुखद रहा।
ग्रामीणों की पहल पर गांव में टीका त्योहार मनाया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग ने विशेष टीकाकरण का शिविर लगाया। टीका त्योहार मनाने ग्रामीणों ने टीकाकरण के पात्र हितग्राहियों का गांव में सर्वे भी किया। गांव में टीकाकरण के लिए 18 से 44 वर्ष के 171 पात्र लोग मिले, जिसमें 150 लोगों ने वैक्सीन लगवाया।
इसमें 23 अंत्योदय, 113 बीपीएल और 14 एपीएल के हितग्राहियों को टीका लगा। गांव में इससे पहले 45 वर्ष से अधिक उम्र के 163 लोग टीका लगवा चुके हैं।
लाटमेटा गांव की जनसंख्या 575 है। कोरोना महामारी से निजात पाने के लिए ग्रामीणों ने पहले गांव में बैठक की, जिसके बाद जनपद सीइओ प्रतीक प्रधान, तहसीलदार शिव कंवर और नोडल अधिकारी केश्वरी देवांगन से संपर्क कर गांव में शिविर लगाने की मांग की। ग्रामीणों की जागरूकता को देख स्वास्थ्य विभाग की टीम बुलाकर गांव में विशेष शिविर लगाया गया।
यहां ग्रामीणों ने जागरूकता की मिसाल पेशकर पूरे गांव में कोरोना टीका के लिए पात्र हितग्राहियों का सर्वे किया। टीकाकरण के लिए युवाओं में उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने टीका लगाने के बाद गांव के अन्य युवाओं को भी प्रेरित किया। शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुमर्दा के स्वास्थ्य कार्यकर्ता गिरवर पटेल, लता देवांगन ने टीकाकरण किया। इस दौरान पर सरपंच भगवानी राम भंडारी, सचिव भूषण भरत, शिक्षक राम पटेल, यामिनी साहू, रोजगार सहायक मुकेश साहू, इंजीनियर हेमलता बघमरिया, चंद्रशेखर धु्रव, दामिनी साहू, रूखमनी साहू उपस्थित थे।
सुरक्षित महसूस कर रही हूं
गांव की राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी समृद्धि यादव ने कहा कि खेल के सिलसिले में मुझे हमेशा अन्य प्रदेशों में जाना पड़ता है। टीका लगने के बाद मैं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हूं। सभी युवाओं को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए वैक्सीन लगाना चाहिए। ऐश्वर्या यादव ने बताया कि डोंगरगांव कॉलेज में एमए के विद्यार्थी हूं। टीकाकरण के बाद निर्भीक होकर परीक्षा की तैयारी करूंगी।
वहीं प्रीति पटेल ने अपने मन की बात साझा करते हुए कहा कि मैं खो-खो की इंडिया टीम कैंप में शामिल होते रहती हूं। टीकाकरण लगाने के बाद मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। मैं अपने खेल को निखारने का प्रयास करूंगी। हसदेव साहू ने कहा कि मैं रोजगार गारंटी कार्य में मेट के रूप में कार्यकर्ता हूं और मुझे लोगों के बीच जाकर कार्य करना पड़ता है। टीका लगाने के बाद मैं निर्भीक होकर काम करूंगा।
