अंबागढ़ चौकी। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं को कोविड टीका लगाया जा रहा है। लेकिन टीकाकरण को लेकर युवा रुचि नहीं दिखा रहे हैं। टीकाकरण केंद्रों में गिनती के ही लोग टीकाकरण के लिए पहुंच रहे हैं।
शासन ने अति गरीब वर्ग अंत्योदय कार्डधारियो को टीकाकरण के लिए पहली वरीयता दी है। लेकिन इस दौर में टीकाकरण को लेकर कही उत्साह नजर नहीं आ रहा है। इस दौर में जिस वर्ग को प्राथमिकता मिली हुई है वह वर्ग भी वैक्सीनेशन सेंटर तक नहीं पहुंच पा रहा है। हालांकि प्रशासन की पूरी टीम ने अंत्योदय कार्डधारियों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान के साथ-साथ गांव-गांव बैठकें भी कर रही है।
इसके बाद भी प्रशासनिक टीम इस वर्ग को वैक्सीनेशन सेंटर में पहुंचाने में सफल नहीं हो पा रही है। जिससे टीकाकरण केंद्रों में सुबह से शाम तक सन्नााटा नजर आ रहा है। वैक्सीनेशन के प्रथम चरण में सबसे पहले फं्रट लाइन वर्करों को टीका लगाया गया।
दूसरे चरण में सीनियर सिटिजन 60 प्लस आयु वर्ग को तो तीसरे चरण में 45 प्लस आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाया गया। चौथे दौर में एक मई से 18 प्लस आयु वर्ग के लोगो को वैक्सीन लगाने के लिए पात्रता मिली है। चौथे चरण में सबसे पहले टीका लगाने के लिए छग के अति गरीब अंत्योदय कार्डधारियों को पात्रता प्रदान की है।
इधर बीते पांच दिनों में चौथे दौर के टीकाकरण अभियान की प्रगति का मूल्यांकन करे तो यह साफ नजर आ रहा है की इस दौर में टीकाकरण को लेकर कहीं उत्साह नहीं है।
अंत्योदय कार्डधारी वैक्सीन लगाने के लिए घरों से ही नहीं निकल रहे हैं। इससे ब्लाक में वैक्सीनेशन की गति काफी धीमी नजर आ रही है। हालात यह है कि वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य अमला सुबह से शाम तक वैक्सीनेशन सेंटर में लोगो की राह देखता है। लेकिन केंद्र में सुबह से शाम तक इक्का दुक्का लोग ही पहुंच रहे हैं।
6581 अंत्योदय परिवारों को लगेगा वैक्सीन वैक्सीनेशन के चौथे चरण में विकासखंण्ड के कुल 6581 अंत्योदय परिवार को टीका लगाया जाएगा। जनपद पंचायत के सीईओ बीएल देहारी ने बताया की ब्लाक के 69 ग्राम पंचायतों में अंत्योदय कार्डधारी परिवारो की संख्या 6058 है।
वही नगर पंचायत में इस योजना के प्रभारी दीपक सलामे ने बताया की नगर में अंत्योदय कार्डधारी परिवार की संख्या 523 है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में अंत्योदय परिवार के कुल 678 सदस्य ही है। जबकि ब्लाक में अंत्योदय कार्डधारी परिवार के सदस्यों की संख्या 10 हजार से अधिक है।
सीईओ ने बताया की अंत्योदय परिवार के सदस्यों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। देहारी के मुताबिक वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने गांवों में पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, मितानिन, कोटवार एवं अन्य शासकीय सेवकों की ड्यूटी लगाई गई है।
