डोंगरगांव। महाराष्ट्र निर्मित देशी शराब संतरी की अवैध तस्करी में लिप्त दो लोगों को पकडने में पुलिस को सफलता मिली है। एक युवक को माथलडबरी तिराहा तथा दूसरे को अमलीडीह-सुखरी मार्ग पर पकड़ा गया है। दोनों के पास से कुल 73 पौवा शराब जब्त की गई है।
जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4300 रुपये है। साथ ही एक युवक के पास से अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त दो पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
मुखबिर से सूचना पर पुलिस ने डोंगरगांव-छुरिया मार्ग पर माथलडबरी तिराहा के पास दो-पहिया वाहन में सवार युवक को रोकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक की बोरी में 48 पौवा महाराष्ट्र निर्मित देशी संतरी शराब बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अमन भीमरे निवासी ग्राम बरगही, थाना लालबाग राजनांदगांव बताया। उससे शराब रखने के संबंध में कागजात की मांग की गई।
जिसे उपलब्ध करने में नाकाम रहने के बाद उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया।
दूसरे मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक डोंगरगांव-राजनांदगांव मार्ग पर ग्राम अमलीडीह से सुखरी की ओर पैदल जा रहा है और वह अवैध शराब रखा हुआ है और जिसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। उक्त युवक को पूछताछ के लिए रोका गया और उसके तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान सफेद थैले में 25 पौवा महाराष्ट्र निर्मित देशी संतरी शराब बरामद मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम चंद्रजीत साहू 28 वर्ष निवासी ग्राम बरगही, थाना लालबाग राजनांदगांव बताया। उससे भी शराब रखने के संबंध में कागजात की मांग की गई, पेश नहीं करने पर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला जमानतीय होने पर जमानत मुचलका पर छोड़ा गया।
