खैरागढ़ ।लाकडाउन में दुकान खोलकर सामान बेचने वाले व्यापारी के दुकान को प्रशासनिक टीम ने सील कर कड़ी कार्रवाई की है। वहीं एक दुकानदार सह मकान मालिक को 500 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। जानकारी अनुसार कोरोना संक्रमण के बढ़ते रफ्तार को कम करने कलेक्टर द्वारा आगामी पांच मई तक लाकडाउन किया गया है। लेकिन लाकडाउन की स्थिति में भी नगर के ईतवारी बाजार में एक व्यापारी अपना किराना दुकान खोलकर सामान बेच रहा था। जिस पर बुधवार 28 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने उसकी दुकान को सील कर दिया। वहीं बख्शी मार्ग में दुकान खोलने वाले बर्तन व्यवसायी पर 500 रूपये जुर्माना लगाकर उसे दुकान बंद रखने सख्त हिदायत दी गई। जिले सहित समूचे अंचल में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसकी रोकथाम के लिए शासन-प्रशासन द्वारा लगातार लॉकडाउन की तारीख बढ़ाई जा रही है। इस विपरीत परिस्थिति में भी नगर के कुछ व्यापारी अपना दुकान खोलकर खुलेआम सामान बेच रहे हैं। जिससे लगातार भीड़ उमड़ रही है और नियमों की धज्जियां उड़ रही है। लाकडाउन में दुकान खोलकर सामान बेचे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थी। जिसके बाद दुकानदारों पर कार्रवाई करने पालिका व राजस्व की टीम सडक़ पर उतरी और नायब तहसीलदार लीलाधर कंवर, रश्मि दुबे, पालिका उपअभियंता दीपाली तंबोली की अगुवाई में टीम ने नगर भ्रमण कर दुकान खोलकर सामान बेचने वालों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान नपा कर्मचारी राजेश तिवारी, लोकेश साहू, उत्कर्ष यदु, संजय यादव, पीयूष यदु, सुरेश महोबे, देवेंद्र यादव सहित पुलिस के जवान मौजूद थे।
फल व सब्जी ठेले वालों को किया वार्डों का विभाजन इस बीच गुरूवार को भी प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा और एसडीएम के निर्देश के बाद संक्रमण रोकने फल व सब्जी ठेले वालों को वार्डों का विभाजन कर निर्धारित गली-मोहल्ले में ही फल व सब्जी बेचने हिदायत दी गई है। गौरतलब है कि फल व सब्जी विक्रेताओं द्वारा मुख्य मार्ग में ही जमघट लगाकर सामान का विक्रय किया जा रहा था। जिसके कारण लोग भीड़ जुटाकर सामान खरीदने पहुंच रहे थे और इन गतिविधियों से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा था। जिसके मद्देनजर गुरूवार को लाकडाउन के दरमियान फल व सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं को ठेले में अपना सामान रखकर बेचने की हिदायत दी गई है। वार्डों के विभाजन के अनुसार ही विक्रेता अब अपने सामान का विक्रय कोरोना संक्रमण के लिए बनाए गए नियमों के अनुरूप ही कर पाएंगे। गुरूवार को नियमों का पालन कराने नगर पालिका सीएमओ सीमा बख्शी, उपअभियंता दीपाली तंबोली, राजस्व निरीक्षक मनोज शुक्ला, राजेश तिवारी, उत्कर्ष यदु, देवेन्द्र यादव, सुरेश महोबे, संजय यादव व पीयूष यदु सहित पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
नियम तोडक़र सामान बेचने वाले कुछ व्यापारियों पर कार्रवाई की गई है। वहीं फल व सब्जी विक्रेताओं को वार्डों का विभाजन कर निर्धारित अवधि में विक्रय के लिए समझाईश दी गई है। ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सकें।
सीमा बख्शी, सीएमओ, नगर पालिका परिषद् खैरागढ़
