भिलाई। दुर्ग जिले के अस्पतालों में अब आक्सीजन की कमी नहीं होगी। प्रतिदिन 2000 सिलिंडर के रिफिलिंग की क्षमता वाले प्लांट अग्रवाल इस्पात में बुधवार से प्रोडक्शन शुरू हो गया है। आक्सीजन का उत्पादन होने से कोरोना मरीजों को अस्पतालों में आक्सीजन की कमी नहीं होगी। वहीं मरीजों के स्वजनों को भी आक्सीजन के लिए मशक्कत करनी नहीं पड़ेगी।
गुरुवार से इस प्लांट से निकलने वाले सिलिंडर की आपूर्ति जिले के विभिन्ना अस्पतालों व प्रदेश के अस्पतालों में कर दी जाएगी। इस प्लांट के शुरू होने से जिले में आक्सीजन का संकट काफी हद तक सुलझ गया है। यहीं नहीं जरूरत के अनुसार प्रदेश दीगर जिलों में भी अग्रवाल इस्पात द्वारा आक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी।
बता दें कि अग्रवाल इस्पात के संचालक रमेश अग्रवाल ने पिछले दिनों ने जिले के शासकीय व निजी अस्पतालों सहित रायपुर के मेकाहरा को लगभग 800 सिलिंडर निश्शुल्क दिए थे।
अग्रवाल इस्पात के संचालक रमेश अग्रवाल ने बताया कि आक्सीजन रिफिलिंग शुरू होने से जिले के अस्पतालों को जरूरत के अनुसार आक्सीजन की आपूर्ति की जा सकेगी। हमारे प्लांट की दैनिक क्षमता 2000 सिलिंडरों की है। यानी रोजाना जरूरतमंद 2000 मरीजों को यहां से आक्सीजन उपलब्ध हो सकेगा। रमेश अग्रवाल ने बताया कि प्लांट में शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही आक्सीजन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदेश के शासकीय व निजी अस्पतालों को शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही आक्सीजन सिलिंडर दिए जाएंगे। रमेश अग्रवाल ने यह भी बताया कि ऐसे जरूरतमंद मरीज जो आक्सीजन की कीमत नहीं चुका सकते उनके लिए अग्रवाल इस्पात से निश्शुल्क आक्सीजन मुहैय्या कराया जाएगा।
