राजनांदगांव।बागनदी के कैंप में पदस्थ 38 वीं वाहिनी आइटीबीपी के आरक्षक 32 वर्षीय मनोज कुमार मांडी आनलाइन ठगी का शिकार हो गए। अज्ञात आरोपित ने उसके अकाउंट से दो बार में 30 हजार तीन सौ रुपये निकाल लिया है। खाते से रुपये निकलने के बाद खुद को ठगा महसूस कर आरक्षक मनोज ने बागनदी थाना में लिखित शिकायत की। आरक्षक मनोज ने बताया कि बीते 15 अप्रैल को वो अपने मोबाइल फोन में एक आनलाइन एप से अपने हवलदार सुभाष चंद्र के लिए नागपुर से दिल्ली की रेलवे टिकट बुक कर रहे थे। टिकट बुकिंग नहीं हुई, लेकिन उसके खाते से टिकट का 1455 रुपये कट गया। इसके लिए आनलाइन एप के कस्टमर केयर में बात करने पर उन्होंने अधिकारी द्वारा फोन करने की बात कही। दूसरे दिन फोन-पे का अधिकारी बताकर अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन किया और मोबाइल फोन पर एक एप्लीकेशन डाउनलोड करने कहा। एप्लीकेशन में खाता नंबर के बाद ओटीपी आया, जिसे अज्ञात व्यक्ति ने मांगा और कुछ देर में राशि वापस आने की बात कही। लेकिन दिनभर में भी राशि खाते में वापस नहीं आई। अज्ञात व्यक्ति ने दो बार में आरक्षक के खाते से 30 हजार तीन सौ रुपये निकाल लिए। दो दिनों बाद भी जब राशि आरक्षक के खाते में नहीं आई तो उसने इसकी शिकायत बागनदी थाने में की। साइबर ठगी का मामला होने से पुलिस ने जांच में लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
