राजनांदगांव(नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर में फ्लाइओवर की ढलान जिला भाजपा कार्यालय के सामने अनियंत्रित कंटेनर सामने चल रहे ट्रक के पीछे घूस गया। हादसे में कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक का शव कंटेनर के स्टेरिंग में ही फंस गया था, जिसके कारण लाश को बाहर निकालने पुलिस को काफी मश-त करनी
पड़ी। कंटेनर चालक की पहचान नहीं हो पायी है। मौके से पुलिस को एक बैंक पास बुक मिला है, जिसमें किसी राजेश का नाम है। इसी आधार पर पुलिस विवेचना कर रही है।
घटना शनिवार को दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की है। जब नागपुर से रायपुर जा रहा कंटेनर शहर की फ्लाइओवर की ढलान पर जिला भाजपा कार्यालय के सामने आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। भिंड़त ब्रेकर की वजह से हुई है। ढलान के बाद क्रासिंग के पास ही ब्रेकर है, जहां सामने चल रहे ट्रक के चालक ने ब्रेक लगाई। लेकिन पीछे चल रहे कंटेनर का चालक गति पर कंट्रोल नहीं कर पाया और ट्रक के पीछे हिस्से में जा घुसा। हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई। भिंडत इतनी जोरदार थी कि कंटेनर चालक का शव स्टेरिंग में ही फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस को काफी मश-त करनी पड़ी। क्रेन की मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसके बाद पीएम के लिए शव को मेडिकल अस्पताल भेजा गया। कोतवाली थाना प्रभारी विरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि चालक की पहचान नहीं हुई है। कंटेनर में चालक अकेला ही था। मौके से एक बैंक पासबुक मिला है, जिसको लेकर ही मामले की जांच की जा रही है।
