राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री टोपेश्वर वर्मा ने जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए डोंगरगढ़ में इस वर्ष चैत्र नवरात्रि मेला का आयोजन नहीं करने के निर्देश दिए हैं और मां बम्लेश्वरी के दर्शन आम जनता के लिए बंद रहेगा। अनुविभागीय दण्डाधिकारी डोंगरगढ़ श्री अविनाश भोई ने स्टेशन प्रबंधक दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे डोंगरगढ़ को चैत्र नवरात्रि 2021 हेतु अतिरिक्त कोच, अतिरिक्त स्टापेज या अतिरिक्त ट्रेन डोंगरगढ़ के लिए संचालित नहीं करने के लिए पत्र लिखा है। उल्लेखनीय है कि डोंगरगढ़ में 500 से अधिक कोरोना के पाजिटिव केस हैं। चैत्र नवरात्रि में चैत्र नवरात्रि मेला का आयोजन नहीं होगा और माँ बम्लेश्वरी का दर्शन आम जनता के लिए बंद रहेगा।
97 वर्षीय बुजुर्ग श्री आत्माराम वर्मा ने लगवाया कोरोना वैक्सीन
राजनांदगांव । राजनांदगांव जिले के वैक्सीनेशन केन्द्र सुकुलदैहान में ग्राम लिटिया के 97 वर्षीय बुजुर्ग श्री आत्माराम वर्मा ने कोरोना वैक्सीन लगवाया। कोरोना से बचाव के लिए बड़ी संख्या में ग्रामवासी कोरोना वैक्सीनेशन करवा रहे है। बुजुर्गों का आगे आकर वैक्सीन लगवाना उनकी जागरूकता का प्रमाण है। ग्रामीण क्षेत्रों मेंं कोविड-19 के केस बढ़े हंै। जिसको ध्यान में रखते हुए 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी नागरिक कोरोना वैक्सीनेशन करवा रहे हंै।
दिव्यांग श्रीरामजी वर्मा ने लगवाया कोरोना वैक्सीन
राजनांदगांव । राजनांदगांव जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ग्राम रामाटोला में ग्राम हीरपुर निवासी दिव्यांग श्रीरामजी वर्मा अपने व्हीलचेयर में वैक्सीन लगवाने आए थे। सभी लोगों में कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर उत्साह है। कोरोना से बचाव के लिए नागरिकों में जागरूकता आई है और वे स्वस्फूर्त होकर कोविड-19 टीकाकरण केन्द्रों में जा रहे हंै।
पद्मश्री श्रीमती फूलबासन बाई यादव ने सभी नागरिकों से
कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए किया आग्रह
राजनांदगांव । जय मां बम्लेश्वरी स्वसहायता समूह की अध्यक्ष पद्मश्री श्रीमती फूलबासन बाई यादव ने सभी नागरिकों से कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि गांव एवं शहर में कोरोना संक्रमण की बीमारी फैल रही है, जिससे बच्चे, बुजुर्ग एवं परिवार कोई भी सुरक्षित नहीं है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोरोना वैक्सीन लगवाना आवश्यक है। इसमें डरने की कोई बात नहीं है। कोविड वैक्सीन लगेगा तो हम सुरक्षित रहेंगे तथा परिवार, गांव, समाज एवं देश सुरक्षित रहेगा। कोरोना से बचाव के लिए दो गज की दूरी और मास्क लगाना जरूरी है। वैक्सीन लगाने के साथ ही मास्क जरूर लगाएं तभी हम कोरोना से सुरक्षित रह सकते हैं।


