राजनांदगांव। लॉकडाउन होने के बाद बाजार में कालाबाजारी शुरू हो गई है। घरेलू राशन सामग्री में तो दो-चार रूपये की बढ़ोत्तरी की है। वहीं गुड़ाखू दंत मंजन के लिए मारामारी शुरू हो गई है। बाजार में इसकी कीमत भी चार गुणा बढ़ा दी गई है। लॉकडाउन की वजह से शार्टेज बताकर व्यापारी पांच रूपये में बिकने वाले गुड़ाखू डिब्बे को 15 से 20 रूपये में बेच रहे हैं। यही हाल बाजार में लुक-छिपकर बिक रहे जर्दा गुटखा पाउच का है। इसकी कीमत भी बढ़ा दी गई है। मंगलवार को शहर के गुड़ाखू लाइन स्थित एक दुकान में गुड़ाखू लेने के लिए ग्राहकों की जमकर भीड़ उमड़ी। भीड़ में शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं किया गया। डिमांड बढ़ने की वजह से कई लोगों को बैरंग ही लौटना पड़ा। व्यापारियों ने भी भीड़ का जमकर फायदा उठाया। दोपहर में भीड़ अधिक होने पर व्यापारियों ने गुड़ाखू का स्टॉक नहीं होने का हवाला देकर कीमत दोगुनी कर दी। इसको लेकर ग्राहकों में जमकर आक्रोश देखा गया।
00 बाजार में गुड़ाखू की डिमांड कोरोना बाजार में गुड़ाखू की डिमांड बढ़ गई है। लॉकडाउन के नाम से व्यापारी इसका पूरा फायदा उठा रहे हैं। मंगलवार को इसका असर बाजार में देखा गया। दुकानों में रेट बढ़ने के बाद लोग थोक दुकानों में गुड़ाखू लेने पहुंचे। शहर के गुड़ाखू लाइन के अलावा भरकापारा की दुकानों में ग्राहकों की जमकर भीड़ देखने को मिली। भीड़ बढ़ने की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम भी दुकानों में पहुंची और ग्राहकों को शारीरिक दूरी बनाने के निर्देश दिए। वहीं दुकान संचालकों को भी चेतावनी दी गई कि दुकानों में कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन कराएं।
