रायपुर। बीजापुर नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए उप निरीक्षक दीपक भारद्वाज को आज उनके गृह ग्राम मालखरौदा ब्लाक के पिहरीद में जिले व क्षेत्र के लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए सब इंस्पेक्टर दीपक भारद्वाज का पार्थिव शरीर आज हेलीकाप्टर से रायगढ़ लाया गया। जहां जिंदल ग्रुप के नवीन जिंदल व विधायक रामकुमार यादव सहित अन्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से मालखरौदा लाया गया। यहां उनका अंतिम दर्शन करने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
जगह-जगह उनके नाम का फ्लैक्स लगाया गया था। उनके सम्मान में स्वागत द्वार भी बनाए गए थे। मालखरौदा से उनका पार्थिव शरीर गृह ग्राम पिहरीद ले जाया गया। यहां स्वजन व ग्रामीण उनका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। स्वजनों सहित ग्रामीणों के रूदन से माहौल गमगीन हो गया। शहीद की माता-पिता, पत्नी व स्वजनों ने उनकी आरती उतारी और फूल माला पहनाकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
जब उन्हें अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम ले जाया जा रहा था, तब जनसैलाब उमड़ पड़ा। पुलिस अधिकारियों के अलावा स्वजनों ने बारी-बारी से कंधा दिया। मुक्तिधाम में गार्ड ऑफ आनर देने के बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
शहीद को मुखाग्नि उनके पिता राधे लाल भारद्वाज ने दी। वे चिता को अग्नि देते समय फफक पड़े। उन्हें देखकर वहां उपस्थित सभी की आंखें नम हो गई। इस दौरान सांसद गुहाराम अजगल्ले, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डा. महंत रामसुंदर दास महंत, विधायक केशव चंद्रा, चंद्रपुर विधायक राम कुमार यादव, आईजी रतनलाल डांगी, एसपी पारुल माथुर, अपर कलेक्टर लीना कोसम, रवि शेखर भरद्वाज, पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा, रश्मि गबेल, चौलेश्वर चंद्राकर,तुलसी साहू ने पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
