- डॉक्टरों को दी गई स्पेशल ट्रेनिंग
राजधानी में 5 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज होम आइसोलशन में इलाज करवा रहे हैं। इनकी सुविधा के लिए अब 400 डॉक्टर तैनात रहेंगे। कोरोना के बिगड़ते हालात के बीच एक बार फिर शहर में कोरोना नियंत्रण के लिए नई रणनीति बनाई गई है। इसके तहत होम आइसोलेशन में इलाज करवा रहे मरीजों की सुविधा के लिए 200 नए डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है।
सोमवार को इन सभी को होम आइसोलेशन में कोरोना मरीजों की देखभाल के लिए स्पेशल ऑनलाइन ट्रेनिंग भी दी गई। आने वाले दिनों में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। ताकि शहर में कम से कम हर पांच मरीज के पीछे एक डॉक्टर दिन भर रह सके।
उधर, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कोरोना के हालात को नियंत्रित करने के लिए अधिक से अधिक संख्या मेें आरटीपीआर टेस्ट बढ़ाने पर फोकस करने के लिए कहा है। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक अभी 60-40 के अनुपात में आरटीपीआर टेस्ट हो रहे हैं। यानी एंटीजन 60 फीसदी और 40 प्रतिशत आरटीपीआर टेस्ट हो रहे हैं, इस पैमाने को अब बढ़ाकर 70 प्रतिशत तक ले जाएगा। ताकि आरटीपीसीआर टेस्ट के जरिए संक्रमितों की जल्दी पहचान की जा सके।
मरीजों के इलाज के लिए नई गाइडलाइन : इस बीच, स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेशन में इलाज करवा रहे कोरोना मरीजों और उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसमें अब डॉक्टरों को कड़ाई से मरीजों की मॉनिटरिंग करनी होगी।
मरीज को भी कॉल करने पर अपने ऑक्सीजन लेवल शरीर के तापमान से जुड़ी तमाम जानकारियां वक्त वक्त पर देनी होगी। कोरोना मरीज अगर बाहर घूमता फिरता मिलेगा तो उसके खिलाफ एफआरआई दर्ज कर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
इन नंबरों पर करें संपर्क
होम आइसोलेशन में यदि आप या आपके परिवार में या कोई परिचित मरीज इलाजरत है तो रायपुर के लिए जारी किए गए कंट्रोल रूम के नंबरों 7566100284, 7566100283, 7566100285 को हमेशा सेव करके रखें।
सर्दी-खांसी के लिए ये नंबर
अगर आपको सर्दी खांसी हैं और डॉक्टर के पास या अस्पताल तक नहीं जा पा रहे हैं। तो शहर में 400 डॉक्टरों की टीम सप्ताह के सातो दिन 24 घंटे आपको दिए गए नंबरों पर जरूरी सलाह देगी। इसलिए डॉक्टर की सलाह लिए बिना किसी भी तरह की दवाई मन से न खाएं। आपको टेस्ट करवाना चाहिए या नहीं ये भी डॉक्टर बताएंगे। ज्यादा जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट cghomeisolation.com पर संपर्क कर सकते हैं।
