राज्य में कोरोना की रफ्तार पूरी तेजी में हैं और दूसरी तरफ सरकार टेंशन में। शनिवार को अब इसी मामले में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस में बैठक ले रहे हैं। बैठक में कृषि व संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे, महापौर एज़ाज़ ढेबर के साथ स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, रायपुर कलेक्टर, एसपी, पुलिस विभाग समेत अधिकारियों की मौजूदगी है। कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने और प्रबंधन समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा जारी है।

तस्वीर रायपुर की है। कोरोना के मैनेजमेंट को लेकर सरकार जल्द कोई फैसला कर सकती है।
छत्तीसगढ़ में कोरोना की बेकाबू हो चुकी रफ्तार में कम होती नहीं दिख रही है। शुक्रवार को भी यहां एक दिन में कोरोना के 4174 नए मरीज मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 31858 हो गई है। सरकार ने 33 मरीजों के मौत की जानकारी दी है। इसमें से 18 मरीजों की मौत एक अप्रैल को हुई थी। इन मौतों को स्वास्थ्य विभाग एक अप्रैल को जारी आंकड़े में शामिल नहीं कर पाया था।
10वीं की बोर्ड परीक्षा पर फैसला आज
15 अप्रैल से 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं होनी है। इसको लेकर अभी भी असमंजस बना हुआ है। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने आज वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इसमें कोरोना के हालात में परीक्षार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा पर चर्चा होगी। दुर्ग और बेमेतरा में लॉकडाउन की स्थिति और प्रदेश के दूसरे जिलों में भी लॉकडाउन के हालात पर भी बात होगी।
सरकार ने वैक्सीनेशन में लगाई ताकत
अब सरकार ने वैक्सीनेशन पर पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को प्रदेश भर में 3069 टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीनेशन हुआ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक और कोरोना टीकाकरण की राज्य नोडल अधिकारी डाॅ. प्रियंका शुक्ला ने बताया है कि शुक्रवार को कुल 3 लाख 26 हजार 12 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें 45 साल से अधिक आयु समूह वाले 3 लाख 17 हजार 500 लोग शामिल थे। अधिकारी अब वैक्सीनेशन केंद्रों की संख्या बढ़ाने के लिए मोबाइल यूनिट का इस्तेमाल शुरू कर रहे हैं। इसके तहत समूहों को चिन्हित कर उनके पास एक मोबाइल यूनिट भेजी जाएगी ताकि केंद्रों पर लोगों के आने की झिझक को दूर किया जा सके।
