राजनांदगांव । जिले में जिस तेजी से कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, उसी रफ्तार से अस्पताल और कोविड केयर सेंटर के बेड भी घट रहे हैं। शहरी क्षेत्र के अलावा अंचल में भी कोरोना संक्रमण अब डराने लगा है। बढ़ते संक्रमण की वजह से कई गांव व शहर की कई गलियां लाकडाउन हो गई है। पर संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। इसका असर जिला मुख्यालय में दिखने लगा है। कोरोना के साथ तेज धूप के चलते दोपहर से पहले ही शहर की सड़कें सूनी हो रही है। वहीं रात में नाइट कर्फ्यू की वजह से लोग घरों में रहने को मजबूर है। नजारा लाकडाउन जैसा ही है। हालांकि कुछ जगहों पर लोग पाबंदी के बाद भी लापरवाही कर रहे हैं, जिसका नतीजा बढ़ते संक्रमण के रूप में दिख रहा है। शहर के लगभग सभी वार्ड को कोरोना ने जकड़ लिया है। हर वार्डों में संक्रमित मिल रहे हैं। एक दिन पहले ही जिले में 405 नए पाजिटिव मरीज मिले, जिसमें 155 शहरी क्षेत्र में और 250 संक्रमित ग्रामीण क्षेत्रों में सामने आए हैं। जिले के मानपुर ब्लॉक को छोड़कर हर दिन सभी ब्लॉकों में पाजिटिव मरीजों की पहचान होने से रायपुर व दुर्ग-भिलाई की तरह राजनांदगांव जिला भी कोरोना के लाल घेरे में शामिल हो गया है। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। मौत के आंकड़े ने भी प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
आधे से ज्यादा संक्रमित होम आइसोलेट जिले में करीब 25 सौ सक्रिय संक्रमित मरीज हैं। इसमें से लगभग 15 सौ संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। वहीं बाकि पाजिटिव मरीजों में 160 कोविड अस्पताल पेंड्री में भर्ती है और कुछ संक्रमितों का इलाज खैरागढ़, छुईखदान व मानपुर समेत राजनांदगांव के एकलव्य छात्रावास में बनाए कोविड केयर सेंटर में चल रहा है। करीब 150 संक्रमितों को उपचार के लिए दुर्ग-भिलाई व रायपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है। गंभीर बात यह है कि होम आइसोलेट संक्रमित मरीजों में कई लोगों की लापरवाही करने की शिकायत लगातार सामने आ रही है। ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन ने होम आइसोलेशन के दौरान लापरवाही करने वाले संक्रमितों को कोविड अस्पताल में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि संक्रमितों की लापरवाही से उनके घर के सदस्य या बाहर के लोग संक्रमण की चपेट में ना आए।
71 हजार लोगों को लगा कोरोना का टीका कोरोना संक्रमण के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए कलेक्टर टीके वर्मा ने टीकाकरण केंद्रों की संख्या और स्टाफ बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की बात कही है। सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने बताया कि जिले में अब तक 45 वर्ष से अधिक उम्र के 71 हजार 145 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के 14878 कर्मचारियों को पहला डोज, 11999 कर्मियों को दूसरा डोज लगाया गया है। फ्रंट लाइन के 10973 वर्करों को पहला और 6674 कर्मियों को दूसरे डोज का टीका लग चुका है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में तैयारियां भी कराई जा रही है।
जरूर रखें ये सावधानी
0 मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकले।
0 भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
0 सैनिटाइजर या साबून से हाथ धोएं।
0 बाजार में शारीरिक दूरी का पालन करें।
0 बच्चें और बुजुर्गों को घर में ही सुरक्षित रखें।
0 कोरोना के लक्षण दिखने पर स्वास्थ केंद्र पहुंचकर टेस्ट कराएं।
