राजनांदगांव। सप्ताहभर में कोरोना की महामारी जिलेवासियों के लिए भारी हो गई है। बीते एक हफ्ते में ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या छह सौ से अधिक बढ़ी है। सप्ताहभर पहले जिले में केवल डेढ़ से दो सौ के बीच पाजिटिव मरीज सक्रिय थे, लेकिन हफ्तेभर में ही यह आंकड़ा आठ सौ के पार पहुंच गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी संक्रमण की रफ्तार तेज है। वहीं शहरी क्षेत्र में संक्रमितों की बढ़ती संख्या अब लोगों को डराने लगी है। शहर का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र व दिनभर व्यस्त रहने वाला मार्ग गुड़ाखू लाइन कंटेनमेंट जोन बन गया है। बीच मार्केट के करीब दो सौ मीटर एरिया को जिला प्रशासन व नगर निगम की टीम ने शनिवार को बैरिकेड लगाकर सील किया। यहां लगी दुकानें भी बंद कराई गई। केवल अनाज-किराना व इमरजेंसी सेवा की दुकानों को ही छूट दी गई। बीच मार्केट के कंटेनमेंट जोन बनने के बाद शहर के लोगों में दहशत दिखी। शनिवार को बाजार पहुंचे अधिकांश लोग मास्क लगाए नजर आए। प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन के व्यापारियों को हिदायत भी दी है कि किसी तरह की लापरवाही ना करें।
00 बैरिकेड लगाकर बंद की आवाजाही गुड़ाखू लाइन के दो सौ मीटर एरिया को एक दिन पहले ही प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन घोषित किया है, लेकिन इसके बाद भी लोगों की आवाजाही जारी थी। बैरिकेड को हटाकर लोग आना-जाना कर रहे थे। इसकी शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन व नगर निगम की टीम शनिवार सुबह गुड़ाखू लाइन पहुंची और बैरिकेड के साथ बांस की मदद से घेराबंदी कराई। लोगों की आवाजाही भी बंद की गई। गुडाखू लाइन में मस्जिद से शनि मंदिर गली के सामने का एरिया कंटेनमेंट जोन में है।
00 व्यापारियों को समझाया कंटेनमेंट एरिया में अनाज व किराना समेत मेडिकल दुकान के संचालकों को प्रशासन की टीम ने समझाइश दी। तहसीलदार रमेश मोर व निगम के अधिकारियों ने समझाइश दी कि सख्ती से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करें। दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को भी मास्क लगवाए। दुकानों में भीड़ ना लगने दें। शारीरिक दूरी का पालन करें। वहीं दुकान में सैनिटाइजर की व्यवस्था रखकर इसका उपयोग करें।
00 हटवाई गईं होली सामग्रियों की दुकानें बैरिकेड के बाद कंटेनमेंट जोन एरिया में चार से पांच होली की दुकानें लगी थी। इन दुकानों को हटवाया गया। इसके अलावा ताला-चाबी के विक्रेताओं और जूता-चप्पल सहित अन्य दुकानों को बंद कराया गया। इस दौरान होली की दुकान लगाने वाले व्यापारियों से प्रशासन से गुहार लगाई कि उनकी दुकानें ना हटाए। लेकिन कंटेनमेंट जोन एरिया के भीतर होने के कारण प्रशासन ने दुकानों को हटवा दिया।
