कुछ दिन पहले हुए हेलीकॉप्टर विवाद और गार्ड ऑफ ऑनर के मामले में भी उत्तराखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने माफी मांगी है। हेलीकॉप्टर का पूरा खर्च भाजपा वहन करेगी।
शुक्रवार को मीडिया से मुखातिब होकर मदन कौशिक ने माफी मांगी। इस दौरान त्रिवेंद्र सिंह रावत पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने कहा कि उनकी चिंता केंद्रीय नेतृत्व को करनी है। भाजपा देशभर में विस्तार कर रही है। इसके लिए हमें राष्ट्रीय स्तर पर अनुभवी कार्यकर्ता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र के चार साल के मजबूत कार्यकाल को भी जनता के सामने रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के 20 बच्चों वाले बयान से उपजे विवाद पर भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने कहा कि भाजपा देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना चाहती है। मुख्यमंत्री एक नेता होने के साथ ही इंसान भी हैं। उनके इस बयान का पार्टी से लेना देना नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि सल्ट चुनाव को लेकर भाजपा ने छह दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा है। इनमें से जल्द ही उपचुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। धन सिंह रावत, अजय भट्ट, अजय टम्टा, यशपाल आर्य के अलावा महेन्द्र भट्ट और अल्मोड़ा के पूर्व विधायक कैलाश शर्मा की समिति सल्ट में काम करेगी। सभी नेताओं को भाजपा ने तत्काल मैदान में उतारा है।
