राजनांदगांव। शहर के विभिन्ना स्कूलों छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को रैली निकालकर आफलाइन बोर्ड परीक्षा का विरोध किया । इस दौरान आनलाइन परीक्षा लेने की मांग की गई। कोरोना संक्रमण काल की वजह से बीते वर्ष से बंद स्कूल-कालेजों को इस वर्ष कोरोना संक्रमण के कम होते मामलों के बीच शासन के अनुमति के बाद खोला गया था। लगभग एक माह स्कूल-कालेज खुलने के बाद कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से एक बार फिर स्कूल-कालेजों को बंद कर दिया गया। वहीं अब आनलाइन परीक्षा आयोजित की जा रही है। लेकिन बोर्ड परीक्षा आफलाइन ली जाएगी जिससे नाराज कक्षा 10वीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं ने शहर में आफलाइन बोर्ड परीक्षा का बहिष्कार करते हुए रैली निकाली। उन्होंने कहा कि जब कक्षाएं आनलाइन हुई है तो परीक्षाएं भी आनलाइन हो सकती हैं। बाकी कक्षाओं की परीक्षाओं को आनलाइन आयोजित किया जा रहे हैं तो फिर बोर्ड परीक्षाओं को ही आफलाइन क्यों लिया जा रहा है। छात्र-छात्राओं ने मांग की है कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं भी आफलाइन आयोजित की जाए। शहर में विरोध प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। बायकाट आफलाइन बोर्ड एग्जाम लिखी तख्तियां लेकर छात्र छात्राओं ने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की। छात्र-छात्राओं के इस आंदोलन का समर्थन करते हुए छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) के कार्यकर्ता भी रैली में शामिल हुए। रैली के बाद छात्र- छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचे और आफ लाइन परीक्षा नहीं लिए जाने पर आगे और उग्र प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी भी दी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी आफलाइन परीक्षा के विरोध में प्रदर्शन किया जा चुका है।
