राजनांदगांव। होली पर्व में फूहड़ आयोजनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर हिंदू युवा मंच ने कलेक्टर के नाम पर अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष किशोर माहेश्वरी, शहर संयोजक राजा ताम्रकार, आदिशक्ति संयोजिका शैलजा शर्मा ने बताया कि शहर से कुछ दूरी पर स्थित बाहरी इलाकों होटल, रेस्तरां इत्यादि में होली पर्व को लेकर कुछ बड़े आयोजन होने की खबर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मिली है। उक्त सभी आयोजनों में बड़ी भीड़ जमा होने की पूरी संभावना है। लेकिन आयोजक मंडल को इस बात की बिल्कुल भी चिंता नही है कि, इतनी बड़ी संख्या में जब लोग एक जगह जमा होंगे तो कोरोना विस्फोट इतना भयंकर और विनाशकारी होगा।
एतिहायत के तौर पर शहर और जिले सहित होली पर्व से जुड़े हुए ऐसे सभी कार्यक्रम जिनमें दहाई संख्या के आंकड़े से अधिक की भीड़ जमा हो रही हो उन सभी को बैन किया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर संयोजक राजा ताम्रकार, जिला संयोजिका शैलजा शर्मा, पूनम शर्मा, आर्यन सोनवानी, दिव्यांग मिश्रा, मिहिर श्रीवास, अभिषेक शर्मा, पीयूष गुप्ता, शैलेष साहू व अन्य मौजूद रहे।
एक्वा वाटर पार्क में होने वाले कार्यक्रम का विरोध राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने एक्वा वाटर पार्क में होनी वाली पुल पार्टी का विरोध किया है। सेना ने इसे रद करने की मांग को लेकर कलेक्टोरेट में ज्ञापन सौंपा। सेना के जिला अध्यक्ष कुशाल सिंह राजपूत ने कहा कि वाटर एक्वा पार्क में 27 मार्च को आयोजित होने जा रही पुल पार्टी संस्कारधानी के अनुरूप नहीं है। बाबू खेमानी जैसे अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले कलाकार का हम विरोध करेंगे, संस्कारधानी में कदम नहीं रखने देंगे। ऐसे फूहड़ कार्यक्रम को रद किया जाए, जो हमारे समाज के लिए घातक है। कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, फिर भी यह आयोजन होने दिया जाएगा तो सेना उग्र आंदोलन करेगी और कार्यक्रम स्थल के पास सड़कजाम करेगी। इसकी पूरी जवाबदारी प्रशासन की होगी ।
