राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत युवा विंग द्वारा लालबाग में छात्रों के कैरियर निर्धारण व मार्गदर्शन के लिए कोचिंग शिविर का आयोजन किया। इसमें 122 बच्चों एवं 80 अभिभावकों ने हिस्सा लिया। शिविर में विशेषज्ञ ने छात्रों को बेहतर कैरियर बनाने के टिप्स दिए।
छग सिंधी पंचायत युवा विंग के अध्यक्ष कौशल शर्मा एवं उपाध्यक्ष कमल गंगवानी ने बताया कि उम्र के एक पड़ाव में बच्चों को अपना भविष्य तय करने के लिए विषय का चयन करना होता है। विषय चयन करते ही वह बच्चा, उस लाइन में अपना जीवन लगा देता है। अगर विषय मन के अनुसार न हो तो वह अनमने ढंग से पढ़ाई करता है, इसलिए बच्चों को उचित मार्गदर्शन देने के लिए रायपुर की शैक्षणिक मार्गदर्शक डा. वर्षा वरवंडकर के मार्गदर्शन में बच्चों को दिशा-निर्देश दिए गए। डा. महेश मोटलानी ने बताया कि डा. वरवंडकर अब तक 1,75,000 से अधिक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे चुकी हैं। उन्होंने कैरियर की पाठशाला नामक हिंदी पुस्तक भी लिखी है।
छात्रों में दिखा उत्साह सिंधु भवन हेमू कलानी नगर में आयोजित कैरियर मार्गदर्शन के शिविर में बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। उन्होंने मार्गदर्शक की बातों को आत्मसात करते हुए अपना भविष्य निर्धारण करने में इस शिविर को बहुत अच्छा बताया। डा. वर्षा ने सरल अंदाज में कैरियर चुनने के लिए आंतरिक शक्तियों को जगाने का तरीका भी बताया। आत्मविश्वास, लगन, धैर्य, और सतत पढ़ाई पर विशेष रूप से फोकस किया और प्रेरक प्रसंग के माध्यम से बच्चों का मनोबल भी बढ़ाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूज्य सिंधी पंचायत के वरिष्ठ सलाहकार आवतराम तेजवानी, अर्जुनदास पंजवानी, बकशाराम अंदानी, घनश्यामदास गंगवानी, राजकुमार डुलानी, अर्जुन गगवानी, गुरमुखदास वाधवा, चंद्रभान मोटलानी व अमर ललवानी उपस्थित थे।
