डोंगरगढ़ । नगर की सड़कें जजर्र हो गई हैं। जर्जर सड़कों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई वर्षों से सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है। डामर गायब हो गया है, गिट्टी ही गिट्टी नजर आ रही है। वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी रात में होती है। रात में गढ्ढे नजर नहीं आते। कई वाहन चालक गिरकर जख्मी भी हो चुके हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मरम्मत पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
राजनीतिक पार्टियों द्वारा प्रदर्शन के बाद भी विभागीय अधिकारियों की नींद नहीं खुली। नगर की जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। कुछ माह पहले जर्जर सड़कों के विरोध में भूख हड़ताल की गई थी तब विभागीय अधिकारियों के होश उड़ गए थे। आनन-फानन में मरम्मत करने का आश्वासन दिया था, ताकि भूख हड़ताल खत्म हो सके। कुछ दिनों बाद टेंडर भी जारी किया गया, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है। चालक जर्जर सड़कों पर आवागमन करने को मजबूर हैं।
अतिक्रमण से सड़कें हुई संकरीः नगर की सड़कों पर अतिक्रमण की बाढ़ आ गई है, जिसके चलते सड़कें संकरी हो गई हैं। सड़कें संकरी होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके बाद भी अतिक्रमण को हटाने पर जिम्मेदार अिधकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। जयस्तंभ चौक, गोल बाार, बुधवारी पारा होते हुए रेलवे चौक जाने वाली सड़कों पर धीरे-धीरे अतिक्रमण हो रहा है। एक को देखकर दूसरे भी अतिक्रमण कर रहे हैं।
