दुर्ग। जिले के रिसाली में महिला संगठनों ने BSF जवानों को राखी बांधी। उन्होंने जवानों के दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। जवानों ने भी सम्मान के साथ बहनों के स्नेह को स्वीकार किया। उन्होंने राष्ट्र रक्षा के अपने संकल्प को दोहराया। बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों ने कहा कि यह बंधन केवल रक्षा का प्रतीक नहीं है। यह देश की एकता और भाईचारे का संदेश भी देता है। परिसर में देशभक्ति के गीत गूंजते रहे और माहौल भावनाओं से भरा रहा।
रक्षाबंधन पर सीमा सुरक्षा बल (स्पेशल-ऑप्स) के सामरिक मुख्यालय में भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। अलग-अलग महिला संगठनों की बहनों ने बीएसएफ जवानों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत किया। उन्होंने जवानों के साहस और राष्ट्र सेवा को सलाम किया। इस अवसर पर शिव शक्ति महिला समिति की अध्यक्ष नीता चौरसिया के नेतृत्व में कई संगठनों की महिलाएं शामिल हुईं। सैल्यूट तिरंगा फाउंडेशन, इस्पात नगर महिला मंडल, महिला उत्थान मंडल, राष्ट्र सेविका समिति और जीविका एसएचजी ग्रुप की महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल की पत्नी रजनी बघेल की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इस आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि सीमा पर तैनात हर सिपाही के पीछे पूरा देश परिवार की तरह खड़ा है।
