बीते तीन माह से ज्यादा समय से कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन पर बैठे किसानों के कारण दिल्ली में कई मार्ग बंद पड़े हैं। इस बीच रविवार रात को दिल्ली पुलिस ने यूपी गेट स्थित फ्लाईओवर की सिंगल लेन दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाली को खोल दिया है।
एनएच 9 पर दिल्ली से आने वाली लेन खुलने से लोगों को कुछ राहत मिली है। 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के बाद दिल्ली पुलिस की ओर से सभी 14 लेन को बंद कर दिया गया था। बीच में एक दिन पांच घंटे के लिए इसी लेन को खोला गया था। इसके बाद फिर से बैरियर लगाकर बंद किया गया था।
इसकी वजह से गाजियाबाद, मेरठ, लालकुआं, डासना, हापुड़ की ओर जाने वाली गाड़ियों को आनंद विहार बॉर्डर होकर ही जाना पड़ रहा था। जिससे शाम को भारी जाम लगता था। ऑफिस लौटते समय लोगों का काफी समय बर्बाद हो रहा था। लोग जाम से बचने के लिए सीमापुरी बॉर्डर से भी जाते थे। इस वजह पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में जाम लग जाता था।
हालांकि अभी गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाली लेन पर किसान बैठे हैं और इस वजह से यह लेन अभी नहीं खोली गई है। अभी बॉर्डर बंद होने से ईडीएम माल या आनंद विहार बॉर्डर होकर ही गुजरना पड़ रहा था। इन दोनों प्वाइंटों पर शाम को जाम लगता था। एक लेन खुलने से या ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा।
