हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री दिलीप तिर्की ने दी बधाई
राजनांदगांव | 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का आयोजन 28 जुलाई से 8 अगस्त तक तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई स्थित मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फिरोज़ अंसारी ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की कुल 29 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ हॉकी टीम ने उद्घाटन मैच खेला। अपने पहले ही मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने गोवा को 4-0 से पराजित कर शानदार शुरुआत की। पहले मुकाबले में प्रदेश की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। इस मैच में आदर्श राज सिंह ने दो गोल किए, जबकि गुलशन यादव और मनीष वट्टी ने एक-एक गोल दागा।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष, ओलंपियन पद्मश्री डॉ. दिलीप तिर्की ने छत्तीसगढ़ टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई दी और आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएँ दीं।
आज खेले गए इस मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुलशन यादव को प्लेयर ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के सचिव मनीष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन राजनांदगांव के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के उपरांत किया गया। इस शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 18 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु किया गया चयनित खिलाड़ी मे
गुलशन यादव, आदर्श सिंह, अभिषेक यादव, अमन वर्मा, नमन देवांगन, रेहान खान, पियूष कुमार साहू, लियांश सारथी, मोहित कश्यप, मनीष वट्टी, प्रीतम कुजूर, अमन नाग, अनिकेत कुजूर, अंकित कुजूर, रेहान शेख, मनीष मोरिया, हिमांशु मल्लिक और सौर्य वर्मा शामिल है तथा प्रशिक्षण दल में
मुख्य कोच शकील अहमद, टीम मैनेजर अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे तथा सहायक कोच तोरण सिन्हा शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ टीम की इस प्रभावशाली शुरुआत पर राज्य की खेलप्रेमी जनता और हॉकी प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी है।
