राजनांदगांव: पोस्ट ऑफिस से लाखों की चोरी, सोने-चांदी की खरीदी ने खोला राज, आरोपी महिला गिरफ्तार
राजनांदगांव, डोंगरगांव। थाना डोंगरगांव पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाले चोरी के मामले का खुलासा किया है। यह चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसी बैंक की खाता धारक महिला ने की, जो हर महीने नियमित रूप से पैसा जमा करने जाती थी। चोरी की इस पूरी साजिश के पीछे महिला की गहनों के प्रति लालसा सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और डोंगरगांव एसडीओपी दिलीप सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा की अगुवाई में इस मामले की गहन जांच की गई।
ऐसे हुआ खुलासा
ग्राम आमगांव की एक महिला द्वारा आय से अधिक गहनों की खरीदारी करने की सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली। महिला की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद, पुलिस टीम ने उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया। शुरू में महिला ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी महिला कांति नायक (37 वर्ष) ने बताया कि उसका गांव के पोस्ट ऑफिस में खाता है और वह हर महीने पैसा जमा करने जाती थी। पोस्टमेन द्वारा जमा रकम को एक कमरे में रखा जाता था। उसी कमरे में आते-जाते उसे पैसे दिखते थे और लालच बढ़ता गया।
भीड़ का उठाया फायदा, फिर उड़ाए 1.5 लाख
14 जुलाई 2025 को जब वह पैसा जमा करने पहुंची, तब भीड़ का फायदा उठाकर वह सीधे उस कमरे में घुसी और एक छड़ से ताले को तोड़ दिया। वहां रखे ₹500 के तीन बंडल, यानी ₹1.5 लाख चुपचाप अपनी साड़ी में छुपाकर घर ले गई।
चोरी के पैसों से की शौक की पूर्ति
चोरी के पैसों से महिला ने 63,150 रुपए कीमत की सोने की डोला, काले मोती में बंधा लॉकेट, मंगलसूत्र, ओम लॉकेट, चांदी की तीन जोड़ी पायल खरीदी, साथ ही ₹20,000 नकद घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने सारे सामान और नकदी बरामद कर ली है।
आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सउनि देवकुमार रावटे, आरक्षक गौरव शेण्डे एवं महिला आरक्षक अभिलाष ठाकुर की विशेष भूमिका रही।
इसे भी पढे : राजनांदगांव : पतंग उड़ा रहे युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश, विरोध करने पर चाकू से हमला
