Rajnandgaon: 2020 में फेसबुक पर हुई दोस्ती, 2023 में डोंगरगढ़ लॉज में बनाया संबंध, अब पहुंचा सलाखों के पीछे
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी बैंगलुरू से गिरफ्तार
Rajnandgaon: 2020 में फेसबुक पर हुई दोस्ती, 2023 में डोंगरगढ़ लॉज में बनाया संबंध, अब पहुंचा सलाखों के पीछे
डोंगरगढ़, 25 जुलाई 2025। फेसबुक पर हुई दोस्ती, प्यार में बदली और फिर शादी के वादे पर शारीरिक संबंध—लेकिन अंत में लड़की को मिला धोखा। इसी धोखे और दुष्कर्म के आरोपी विकास सिंह (25 वर्ष), निवासी प्रतापगढ़, उत्तरप्रदेश को डोंगरगढ़ पुलिस ने कर्नाटक के बैंगलुरू से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की आरोपी से पहचान वर्ष 2020 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध गहराए और आरोपी के परिवार को भी इस रिश्ते की जानकारी थी। जुलाई 2023 में दोनों डोंगरगढ़ मंदिर दर्शन के लिए आए थे और स्थानीय लॉज में रुके थे। उसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
लेकिन 7 सितम्बर 2024 के बाद आरोपी ने अचानक दूरी बनानी शुरू कर दी और शादी से मुकरने लगा। इससे परेशान होकर पीड़िता ने कोरबा कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि दुष्कर्म की असली घटना डोंगरगढ़ क्षेत्र की है, जिसके बाद केस को डोंगरगढ़ थाने में स्थानांतरित किया गया।
आरोपी के कर्नाटक राज्य में होने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और एसडीओपी आशीष कुंजाम के निर्देशन में डोंगरगढ़ पुलिस की टीम बैंगलुरू रवाना हुई। टीम ने आरोपी को वेल्डिंग की दुकान से धर-दबोचा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह, उपनिरीक्षक रामेश्वरी बघेल, महिला आरक्षक अर्चना लकड़ा और आरक्षक संजय देवांगन का विशेष योगदान रहा।
आरोपी का विवरण:
विकास सिंह पिता रमेश सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी प्रतापगढ़, थाना कोतवाली, उत्तरप्रदेश।
यह भी पढे : राजनांदगांव : बोगदा पुल के नीचे नाले में संदिग्ध अवस्था में मिली महिला की लाश
