राजनांदगांव। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के खिलाफ सैनिटाइजर को सबसे कारगार हथियार माना गया था। पिछले साल कोरोना का कहर शुरू हुआ था, तो सैनिटाइजर की डिमांड कई गुना बढ़ गई थी। पूर्ति नहीं होने के कारण सैनिटाइजर की कालाबाजारी भी हुई। लोगों को कई गुना कीमत देकर सैनिटाइजर खरीदना पड़ा था। कोरोना संकट काल में सैनिटाइजर की खपत बढ़ी हुई थी। कोरोना काल के आठ माह में सैनिटाइजर का करोड़ों का व्यापार हुआ, लेकिन वर्तमान में इसकी पूछपरख नहीं हो रही है। सैनिटाइजर का बाजार ठंडा ही पड़ गया है।
जिला मेडिकल एसोसिएशन की मानें तो एक माह में मुश्किल से 50 हजार का सैनिटाइजर बिक रहा है। जबकि संकटकाल में हर दिन 10 से 15 लाख रूपये का व्यापार हो रहा था। लोग अब कोरोना संक्रमण के दूसरे रूप को हल्के में ले रहे हैं। यही कारण की धीरे-धीरे कोरोना जिले में फिर फैल रहा है। पिछले दस दिनों में जिले में कोरोना के 177 नए मरीज
सामने आए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोरोना का संक्रमण जिले में किस तरह बढ़ रहा है। ऐसे वैश्विक महामारी की अनदेखी लोगों के लिए भारी पड़ सकती है।
संकट काल में कालाबाजारी भी : कोरोना संकटकाल में सैनिटाइजर की जमकर कालाबाजारी भी हुई। जिसके कारण आम लोगों को कोरोना से बचने के लिए महंगी कीमतों पर सैनिटाइजर खरीदना पड़ा था। लोग भी संकट काल में सैनिटाइजर को कोरोना की दवाइ मानकर उपयोग कर रहे थे। ऐसे समय में नगर निगम में सैनिटाइजर घोटाला का मामला भी सामने आया था। वहीं मेडिकल दुकानों में भी सैनिटाइजर की निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने का मामला पकड़ा गया था। कोरोना काल में सैनिटाइजर की कालाबाजारी के खिलाफ दर्जनों कार्रवाई भी हुई। और आज बाजार में इसकी डिमांड महज 15 से 20 फीसद हो गई है।
बैंक और एटीएम बूथ में डिब्बे खाली
महामारी के दौरान सभी बैंक और एटीएम बूथों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी। ताकि एटीएम का उपयोग करने से पहले उपभोक्ता हाथों को सैनिटाइज कर लें। लेकिन वर्तमान में शहर के सभी एटीएम बूथों में रखे सैनिटाइजर के डिब्बे खाली है। कई एटीएम में तो सैनिटाइजर ही नहीं है। बैंकों में भी सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं के बराबर है। यही नहीं रूपये निकालने पहुंच रहे ग्राहक भी अब एटीएम में शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके कारण ही संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ता जा रहा है।
हर रोज बढ़ रहे संक्रमित
जिले में कोरोना का संक्रमण फिर से फैल रहा है। हाल के दस दिनों में ही जिले में 177 नए संक्रमित सामने आए हैं। जो चिंता जनक है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी बढ़ रहे संक्रमण के मामले को लेकर गंभीर है। प्रशासन ने बढ़ते मामले को लेकर लोगों को कोरोना बचाव के लिए जारी केंद्र व राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने कहा है। इसके बाद भी लोग मास्क और सैनिटाइजर की उपयोगिता को अनदेखा कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने बगैर मास्क घुमने वाले लोगों पर कार्रवाई करना फिर शुरू कर दिया है, ताकि लोग कोरोना के संक्रमण से दूर रह सकें। जिले में अब तक 20337 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें 19928 लोग स्वस्थ हो गए हैं। वर्तमान में 213 ही सक्रिय संक्रमित है। इसमें 180 मरीज होम आइसोलेशन में है, तो 13 संक्रमितों का इलाज मेडिकल कालेज कोविड अस्पताल में चल रहा है। सात मरीज दूसरे जिलों के अस्पताल में भर्ती हैं। जिले में 196 लोगों की कोरोना से मौत तक हो चुकी है।
वर्जन
कोरोना संक्रमण का मामला पिछले हफ्तेभर में बढ़ा है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि लोग खुद के साथ अपनों की भी सुरक्षा कर सकें। मास्क का उपयोग करें। समय-समय पर साबून से हाथ धोए। भीड़ में जाने से बचे। तभी हम खुद को संक्रमण से सुरक्षित रख पाएंगे। – डा. मिथलेश चौधरी, सीएमएचओ
