राजनांदगांव। गायत्री विद्या मंदिर (हिन्दी माध्यम) में पर्यावरण दिवस मनाया गया। बच्चों ने पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चे हाथों में स्लोगन लिखे तख्ती थामे थे और संदेश दे रहे थे ‘ पर्यावरण बचाना है, पेड़ लगाना है‘ बच्चे नारे लगाते हुए कंचनबाग कालोनी में भ्रमण किये।
शाला में पर्यावरण से संबंधित कार्यक्रम, गीत, कविता, नाटक, भाषण आदि का आयोजन किया गया। कक्षा आठवीं की बालिकाओं ने गीत के माध्यम से संदेश दिया कि ‘पर्यावरण से है जीवन इसे अपना दोस्त बनाना है‘। बच्चों ने कविता के माध्यम से जन्मदिन पर पेड़ लगाने का संदेश दिया। नाटक प्रस्तुत कर बताया कि अगर हम पैसों के लालच में पेड़ों की कटाई करते हैं तो हमारे जीवन संकट में पड़ सकता है। कक्षा पांचवीं की छात्रा ओजस्वनी यादव ने अपने भाषण में बताया कि पर्यावरण का संरक्षण नहीं किया तो हवा, जल, मिट्टी सब प्रदूषित हो जाएंगे। नर्सरी के नौनिहाल बच्चे मटर, आलू, बैंगन, करेला, मिर्ची की वेशभूषा में हरी ताजी सब्जी खाने का संदेश दे रहे थे।
गायत्री शिक्षण समिति के अध्यक्ष सर बृजकिशोर सुरजन, सचिव गगन लड्ढा जी एवं अन्य पदाधिकारियों ने इस जागरूकता रैली की विशेष सराहना की। शाला की प्राचार्य सीमा श्रीवास्तव, उप प्राचार्य तामेश्वर साहू ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई दी।
