विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को आयोजनों में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए जागरूकता लाने की अपील की
कोविड-19 के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लापरवाही न बरतें नागरिक – कलेक्टर
राजनांदगांव 08 मार्च 2021। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले में कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के संबंध में व्यापारी संघ, मीडिया प्रतिनिधि, धार्मिक संगठन, सामाजिक संस्था, राजनैतिक दल के प्रतिनिधि, पुलिस विभाग, नगर निगम तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण की संख्या कम होने के बाद लोगों की लापरवाही के कारण मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पिछले कुछ दिनों से शहर के सभी क्षेत्रों से कोरोना के मरीज मिल रहे हैं, यह चिंता का विषय है। कोविड-19 संक्रमण के फैलाव का प्रमुख कारण प्रोटोकॉल का पालन नहीं करना है। इसे रोकने के लिए सभी नागरिक शासन द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन जरूर करें। प्रत्येक दुकानदार तथा नागरिक भी मास्क जरूर लगाएं। प्रशासन लगातार जागरूकता लाने का कार्य कर रही है। राजनांदगांव जिला महाराष्ट्र सीमा से लगे होने के कारण लोगों का पारिवारिक और व्यापारिक संबंध है, जिससे संक्रमण की संभावना अधिक है। सभी नागरिकों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सतर्क रहना जरूरी है। कलेक्टर श्री वर्मा ने नागरिकों को कोरोना प्रोटोकॉल, मास्क लगाना, सोशल डिस्टेसिंग और हाथ को बार-बार साबुन से धोने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत शासन तथा राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन किया जा रहा है। वर्तमान में राजनैतिक, सामाजिक सभी तरह के आयोजन हो रहे हैं। इन आयोजनों के लिए सभी संगठन अनुमति जरूर लें। आयोजनों में सभी को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है तभी कोविड-19 के फैलाव को रोका जा सकता है। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि कोविड वैक्सीन लगाया जा रहा है। 60 वर्ष से अधिक तथा 45 से 59 वर्ष तक के विभिन्न प्रकार के बीमारियों से ग्रसित (कोमार्बिड) व्यक्ति बिना डरे वैक्सीन लगाए। शासकीय अस्पतालों में नि:शुल्क तथा निजी चिकित्सालयों में 250 रूपए में वैक्सीन लगाया जा रहा है। उन्होंने सभी संगठन के प्रतिनिधियों को विभिन्न आयोजनों में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए जागरूकता लाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि जिले में पिछले वर्ष मार्च में पहला केस आया था। लेकिन इस वर्ष मार्च में अभी तक 74 कोरोना के मरीज मिले हैं। इसका मुख्य कारण प्रोटोकॉल का पालन नहीं करना है। कोविड-19 का नया रूप और भी खतरनाक है। इससे बचने के लिए प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। कोविड-19 से मृत्यु का कारण लापरवाही बरतना है। लोग लक्षण होने के बाद समय पर जांच नहीं कराते। सर्दी, खांसी और बुखार के लक्षण होने पर 24 घंटे के भीतर कोविड-19 की जांच जरूर कराएं। वर्तमान में सिनेमा, स्वीमिंग पुल एवं अन्य गतिविधियां खुल चुकी हैं। इन जगहों में प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोग दुकानों में बिना मास्क के कार्य करते हैं। जिससे संक्रमण की संभावना अधिक होती है और वे अपने साथ परिवार के अन्य सदस्यों को भी संक्रमित करता है। डॉ. चौधरी ने बताया कि अभी तक 3 लाख जांच किया गया जिसमें 20 हजार लोग पॉजिटिव मरीज आएं हैं। कोविड-19 संक्रमण का समय में पहचान होने से इलाज कर स्वस्थ हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सीएससी में नि:शुल्क कोविड-19 वैक्सीन लगाया जा रहा है।
विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिनिधियों ने कहा कि मास्क न पहनने वाले और प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों में कोविड-19 की रोकथाम एवं जागरूकता के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। इसके लिए अभियान चलाया जाए। इस अवसर पर राजनांदगांव विधायक प्रतिनिधि श्री लीलाराम भोजवानी, पार्षद श्री कुलबीर छाबड़ा, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राजनांदगांव श्री मुकेश रावटे, सीएसपी श्री मणीशंकर चंद्रा, व्यापारी संघ, मीडिया प्रतिनिधि, धार्मिक संगठन, सामाजिक संस्था, राजनैतिक दल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
