महिलाएं आज न केवल पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहीं हैं, बल्कि कई जगह आगे बढ़कर नेतृत्व भी कर रहीं हैं। राजधानी दून में ही कई अहम विभागों की कमान महिला अफसरों के हाथों में हैै। यह महिला अफसर कहीं भी पुरुष अफसरों से उन्नीस नहीं हैं। कार्यकुशलता, विनम्र व्यवहार और अनुशासनप्रियता के कारण उनके अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग भी उनका सम्मान करते हैं। महिला दिवस के खास मौके पर अमर उजाला ऐसी ही कुछ कर्मठ अफसरों की संक्षिप्त कहानियां प्रकाशित कर रहा है। 2015 बैच की आईएएस अफसर नितिका खंडेलवाल मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और वर्तमान प्रभारी जिलाधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। मूलत: ऊधमसिंह नगर निवासी नितिका ने उत्तरकाशी में सेवा पूर्व प्रशिक्षण लिया। रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के तौर पर उनके पहले कार्यकाल को लोग आज भी याद रखते हैं। दफ्तर पहुंचने वाले हर फरियादी की मदद करना और लंबित मुद्दों को निपटाने पर उनका विशेष फोकस रहता है। उनकी गिनती तुरंत फैसले लेने वाले अधिकारियों में होती है।
