खैरागढ़ | इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ ने अपनी 12 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर सोमवार को अंबेडकर चौक में एक दिवसीय धरना दिया. नियमितीकरण, समयमान वेतनमान, पदोन्नति और सेवा शर्तों में संशोधन जैसी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने विश्व विद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे 17 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे.
धरने के दौरान गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रखर शरण सिंह ने कहा कि वे विगत 2024 से अपनी मांगों को लेकर शासन और विश्वविद्यालय प्रशासन से पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन लगातार अनदेखी होने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठा रहे हैं और विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखना हमारी भी जिम्मेदारी है, लेकिन अब कर्मचारियों के सामने आर-पार की लड़ाई के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है.







