रायपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए आने वाले कुछ दिन काफी व्यस्त रहने वाले हैं। एक तरफ टीम इंडिया दिन में इंग्लैंड के साथ टेस्ट मैच खेलने में व्यस्त है तो दूसरी तरफ शुक्रवार शाम साते बजे से राजधानी रायपुर मेें अनएकेडमी रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू होने वाले रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में इंडिया लीजेंड्स व बांग्लादेश लीजेंड्स की टीम भिड़ेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शाम छह बजे कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
इंडिया लीजेंड्स की अगुवाई सचिन तेंदुलकर करेंगे, जबकि बांग्लादेश लीजेंड्स टीम की कमान मोहम्मद रफीक के हाथों में होगी। इंडिया लीजेंड्स और बांग्लादेश लीजेंड्स के अलावा श्रीलंका लीजेंड्स, साउथ अफ्रीका लीजेंड्स, वेस्टइंडीज लीजेंड्स और इंग्लैंड लीजेंड्स की टीमें भी इसमें भाग ले रही है।
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज की शुरूआत पिछले साल हुई थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया था और इसके चार मैचों का ही आयोजन हो सका था। इंडिया लीजेंड्स ने उस समय टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की थी और लगातार दो मैच जीते थे। इंडिया लीजेंड्स को इस मुकाबले में भी जीत का दावेदार माना जा रहा है।
बांग्लादेश लीजेंड्स में भी रफीक, खालिद महमूद, मोहम्मद शरीफ, मुशफिकुर्रहमान, मैमून उर रशीद, नफीस इकबाल, अब्दुर रज्जाक, खालिद मसूद जैसे सुपरस्टार हैं। हालांकि टी-20 और आइपीएल अनुभव के कारण सचिन की टीम का पलड़ा भारी माना जा रहा है। सचिन को भी आइपीएल के शुरुआती वर्षों में मुंबई इंडियंस का नेतृत्व करने का अनुभव है। उनके अलावा वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह और हाल में टीम से जुड़े विस्फोटक बल्लेबाज यूसुफ पठान टीम की बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देंगे।हाल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले विकेटकीपर बल्लेबाल नमन ओझा, न केवल विकेट के पीछे की जिम्मेदारी निभाएंगे बल्कि टीम की बल्लेबाजी गहराई को भी मजबूती देंगे। बल्लेबाजी के साथ-साथ इंडिया लीजेंड्स की गेंदबाजी भी काफी मजबूत दिखाई दे रही है। जहीर खान तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे, जबकि मुनाफ पटेल, इरफान पठान, मनप्रीत सिंह गोनी और नोएल डेविड उनका साथ देंगे।मध्यक्रम के ओवरों में लेफ्ट आर्म स्पिनर प्रज्ञान ओझा एक्शन में दिखाई देंगे। यह विकेट आइपीएल और चैंपियंस लीग टी20 मैचों की मेजबानी कर चुकी है और ऐसे में यहां पर विकेट थोड़ी धीमी होगी। साथ ही रायपुर में बड़ी बाउंड्री लगाना भी चुनौतीपूर्ण होगा। आंकड़ों पर अगर गौर करें तो कोई भी टीम इस स्टेडियम में 170 के स्कोर से आगे नहीं बढ़ पाई है, ऐसे में एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।
टीमें (संभावित) :
इंडिया लेजेंड्स : सचिन तेंदुलकर (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ, यूसुफ पठान, नमन ओझा, प्रज्ञान ओझा, नोएल डेविड, मुनाफ
बांग्लादेश लीजेंड्स : मोहम्मद रफीक (कप्तान), खालिद महमूद, मोहम्मद शरीफ, मुश्फिकुर रहमान, मैमून राशीद, नफीस इकबाल, अब्दुर रज्जाक, खालिद मशूद, हनन सरकार, जावेद उमर, राजिन सालेह, मेहराब हुसैन, आफताब अहमद, आलमगीर कबीर
युवराज ने कहा मैच के लिए टीम तैयार, अच्छा लगा छत्तीसगढ़ का खाना
रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज शुरू होने से एक दिन पहले गुरुवार को इंडिया लीजेंड्स के युवराज सिंह ने आनलाइन चर्चा करते हुए कहा कि टीम पूरी तरह से मैच के लिए तैयार है। कोरोना के बाद खेलने को मिल रहा है और सभी खिलाड़ी उत्साहित हैं। युवराज ने रायपुर के खाने की तारीफ की। साथ ही जब उनसे पूछा गया कि वे लंबे समय बाद टी-20 टूर्नामेंट खेलेंगे ,क्या लगता है,कैसा प्रदर्शन कर पाएंगे। इस पर उन्होंने कहाकि मैदान में उनका खेल हर कोई देख लेगा। फिटनेस अब भी बरकरार है। वहीं बांग्लादेश के खिलाड़ी ने कहा कि उनकी टीम टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार है।
