राजनांदगांव। Crime News : जिले में रेत और मुरम का खेल फिर से शुरू हो गया है। शहरी क्षेत्र ही नहीं वनांचल में भी रेत और मुरम के माफिया बेखौफ उत्खनन कर रहे हैं। बिना रायल्टी के रेत का परिवहन भी हो रहा है। खबर है कि जिले के मोहला-मानपुर व अंबागढ़ चौकी ब्लाक के तोलुम और नवागांव में माफिया रेत का अवैध उत्खनन कर शिवनाथ नदी की दिशा बदल दिए हैं।
इस तरह की शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होना, समझ से परे हैं। बेखोफ तरीके से रेत उत्खनन और परिवहन के मामले में खनिज विभाग के अफसरों की भूमिका भी संदेहास्प्रद है। यही नहीं जिले में मुरम का भी अवैध खनन की लगातार शिकायतें सामने आ रही है। हाल ही में राजनांदगांव ब्लाक के खुड़मुड़ी, रेंगाकठेरा के ग्रामीणों ने कृषि भूमि से मुरुम खनन करने की शिकायत तक की है, लेकिन इस मामले में भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
खनन को देखने वाला भी नहीं खनिज विभाग में रेत खदानों का टेंडर हुआ है। लेकिन रेत के ठेकेदार कितनी मात्रा में रेत निकाल रहे हैं, यह देखने के लिए खनिज विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते। शायद यही वजह है कि रेत माफियाओं द्वार तय मापदंड से अधिक रेत का उत्खनन कराकर परिवहन किया जा रहा है। इससे शासन को हर रोज लाखों रूपये का नुकसान हो रहा है। ऐसी शिकायतों के बाद भी खनिज विभाग की अनदेखी समझ से परे हैं।
विधानसभा में उठा मामला मोहला-मानपुर और अंबागढ़ चौकी के तोलुम व नवागांव में शिवनाथ नदी से निकाली जा रही रेत का मामला विधानसभा में भी उठाया गया है। राजनांदगांव के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया और कार्रवाई की मांग भी की। खनिज नियमों को अनदेखा कर यहां रेत माफिया बेखौफ होकर रेत का अवैध उत्खनन करा रहे हैं, जिससे शिवनाथ नदी की दिशा बदल गई है। ज्ञात हो कि पखवाड़ेभर पहले सांसद संतोष पांडे ने इसी मुद्दे को लोकसभा में उठाया था। जिसमें उन्होंने प्रदेश सरकार पर रेत माफिया व तस्करों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया था।
रेत ही नहीं मुरम का खेल भी जिले में रेत के साथ मुरम का खेल भी जोरों से चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुरम के माफिया खनिज नियमों की अनदेखी कर धड़ल्ले से खनन और परिवहन कर रहे हैं। इसमें किसानों को भी मुरम के माफिया अपने झांसे में फंसा रहे हैं। किसानों को उनके खेत समतल करने के नाम पर लेकर मुरम की इस कदर खुदाई कराई जा रही है कि खेतों का नक्शा भी बदल रहा है। हाल ही में राजनांदगांव ब्लॉक के ग्राम खुड़मुड़ी के मनोहर साहू ने प्रशासन से इसकी शिकायत की है। लेकिन विडंबना यह है कि किसान मनोहर साहू की शिकायत पर ना तो मौके का मुआयना करने खनिज विभाग के अफसर वहां पहुंचे और ना ही प्रशासनिक कोई कार्रवाई की गई। अफसरों की इसी अनदेखी के चलते जिले में बेधड़क अवैध खनन और परिवहन का खेल जारी है।
पूरे प्रदेश का यही हाल रेत का अवैध उत्खनन जिले में ही नहीं पूरे प्रदेश में चल रहा है। राज्य सरकार रेत माफिया और तस्करों को संरक्षण दे रही है। इसके कारण ही तस्करों के हौसलें बुलंद हैं। रेत के साथ जंगलों से बेशकीमती सागौन व इमारती लकड़ियों की तस्करी भी हो रही है। इन कार्यों में संलिप्त लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
संतोष पांडे, सांसद
जांच जरूर कराएंगे।
इस तरह की अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर रेत व मुरम का अवैध खनन और परिवहन हो रहा है, तो खनिज विभाग के अफसरों को निर्देशित करेंगे। जांच जरूर होगी। शिकायत सही मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी करेंगे।
टीके वर्मा, कलेक्टर
