कसडोल, क्षेत्र में इन दिनों मवेशियों के सड़कों पर बैठने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। रोजाना कहीं न कहीं छोटी-बड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को ऐसी ही एक घटना में आद्या हास्पिटल के संचालक डा. सुरेंद्र दिव्याकर की माता की जान चली गई। रविवार शाम करीब चार बजे रायपुर निवासी विशाल खैरवार पिता हेमलाल खैरवार, उम्र 26 वर्ष अपने साथी विनय सोनी, पिता संजय सोनी, उम्र 27 वर्ष, निवासी आमगांव, जिला सक्ती के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से रायपुर की ओर जा रहा था।
कसडोल रिंग रोड पर अचानक सामने मवेशी आ गया, जिससे घबरा कर चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। कार पहले सड़क किनारे रखे गिट्टी के ढेर पर चढ़ गई, फिर पलटते हुए किनारे खड़ी रामायण बाई दिव्याकर, पति घनश्याम दिव्याकर, उम्र 65 वर्ष को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल रामायण बाई को तत्काल हास्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्र. 49/25 धारा 106(1) भा.दं.सं. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
