रायपुर : नए मेडिकल कॉलेज और प्रदेश में चल रहे कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण समेत विभिन्न मुद्दों पर स्वास्थ्य मंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। अब तक राज्य में पहुंची कोरोना वैक्सीन और लगाए गए टीकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आगामी समय के लिए एक्शन प्लान बनाने के निर्देश दिए एवं वैक्सीनेशन के दिवस बढ़ाने पर भी विचार किया।सिविल लाइंस स्थित विश्राम गृह में मंत्री टीएस सिंहदेव ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दो चरणों में बैठक की। पहली बैठक में नए मेडिकल कॉलेज के निर्माण संबंधित प्रक्रिया एवं अधोसंरचना और संसाधनों को लेकर उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की। इसके उपरांत प्रदेश में चल रहे कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अब तक हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिसमें स्वास्थ्यकर्मियों-फ्रंटलाइन वर्कर्स के निर्धारित लक्ष्य और अब तक हुए टीकाकरण के आंकड़ों पर चर्चा की। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने देश में चल रहे टीकाकरण अभियान अंतर्गत अन्य राज्यों की अपेक्षा छत्तीसगढ़ की स्थिति का अवलोकन किया, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स तक वैक्सीन पहुंचाने में छत्तीसगढ़ शीर्ष 10 राज्यों में शामिल है। इसके साथ ही पहला टीका लेने के उपरांत 28 दिनों बाद दूसरा टीका लेने पहुंच रहे लोगों की भी समीक्षा कर उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
