बिलासपुर : नवमी व 11वीं की परीक्षाएं एक दिन के अंतराल पर आयोजित होंगी। इस माह व मार्च में विद्यार्थियों को स्कूल में पूरे पाठ्यक्रम का अध्यापन कराया जाएगा। शाला अवधि में विद्यार्थियों व शिक्षकों को मास्क लगाना और शारीरिक दूरी का पालन कराया जाएगा।
यह निर्णय प्राचार्य मंच की बैठक में लिया गया। महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक स्कूल में प्राचार्य मंच की बैठक हुई। संयोजक डा. आरके गौरहा व स्मिता चोपड़े, सचिव कमल डहरिया व अलका अग्रवाल की उपस्थिति में हुई इस बैठक के दौरान मंच ने कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
इसके अलावा सर्वसम्मति से कुछ निर्णय भी लिए गए। इसमें सबसे प्रमुख रूप से नवमी व 11 वीं की परीक्षाएं थीं। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देश पर इन दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं स्थानीय स्तर पर अप्रैल के प्रथम सप्ताह में आयोजित होनी है। इस दौरान सुरक्षित परीक्षा आयोजित कराना जरूरी है। कोविड -19 के कारण आनलाइन की कक्षा में कई विद्यार्थी व्यक्तिगत कारणों से शामिल नहीं हो सके थे।
ऐसे छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंच ने यह निर्णय लिया कि इस माह व मार्च में विद्यार्थियों को स्कूलों में पूरे पाठ्यक्रम का अध्यापन कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा प्राचार्यों के समयमान वेतनमान के संबंध में अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया। साथ ही बैठक में सेवानिवृत्त प्राचार्यों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन कराने का निर्णय लिया गया। यह समारोह अप्रैल के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। बैठक के दौरान लगभग 80 की संख्या में प्राचार्य उपस्थित थे।