राजनांदगांव, शीलामार एक्सप्रेस से चार वर्षीय बालक आपातकालीन खिड़की से नीचे गिर गया। घटना 10 जून की है। घटना डोंगरगढ़-जटकन्हार रेलखंड के डाउन लाइन की है। पश्चिम बंगाल के कोसापुलिया पूर्व मिदनापुर निवासी मां आनंदिता बेरा चार वर्षीय बेटे सागनिब बेरा के साथ कोच-एस थी्र में एलटीट से खड़गपुर जा रही थी। जब वह ऊपर की सीट पर चढ़ने लगीं तो बालक अचानक खिड़की से नीचे गिर गया। मां की चीखें और तत्काल एसीपी खींचने की सूझबूझ ने बच्चे की जान बचा ली । घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ लाए। जहां से स्थिति को गंभीर देखते हुए पेंड्री मेडिकल कालेज राजनांदगांव रेफर किया।
सूचना प्राप्त होते ही मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपचंद आर्य के मार्गदर्शन में रेल सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव की प्रभारी निरीक्षक तरूणा साहू ने तुरंत सहायक उप निरीक्षक डीबी मेश्राम व प्रधान आरक्षक एसके मिश्रा को पेंड्री अस्पताल भेजा। यहां बालक की गंभीर स्थिति देख उसे एंबुलेंस की व्यवस्था कर सहायक उप निरीक्षक अर्जुन सिंह, प्रधान आरक्षक एसके मिश्रा बल पोस्ट राजनांदगांव के साथ में बच्चे को डीकेएस अस्पताल रायपुर भेजा। यहां उसका सीटी स्कैन व अन्य चिकित्सकों के मुताबिक बालक की स्थिति स्थिर है और उसे वार्ड में शिफट कर दिया है। वहीं बच्चे का सामान जो ट्रेन में छूट गया था, उसे आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव ने अस्पताल लाया।
