टीबी हारेगा-देश जीतेगा : क्षय उन्मूलन के लिए प्रशासन मुस्तैद
० दो साल में हासिल की कई उपलब्धियां
राजनांदगांव। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में टीबी की रोकथाम तथा इससे बचाव के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्षेत्र में जिले ने कई उपलब्धियां भी हासिल की है। इसके अलावा जिले के सभी 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीबी की मुफ्त जांच की जा रही है।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया, जिले में 11 जनवरी से शुरू किया गया टीबी हारेगा-देश जीतेगा टीबी रोगी सघन खोज अभियान 15 फरवरी तक चलाया गया। इस दौरान कुल 48,335 उच्च जोखिम समूहों में 282 संभावित टीबी मरीज पाए गए। इसके पश्चात जांच में 22 टीबी मरीजों की पुष्टि हुई। सभी का उपचार प्रारंभ किया जा चुका है।
उन्होंने जानकारी दी, राज्य सरकार का छत्तीसगढ़ को 2023 तक टीबी मुक्त बनाने का संकल्प है और इसीलिए टीबी रोग की रोकथाम के विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं। टीबी रोगी सघन खोज अभियान में टीबी के लक्षण मिलने पर उसके बलगम के साथ-साथ कोरोना की भी जांच की गई है। साथ ही टीबी रोग पर नियंत्रण करने हेतु लोगों को सावधानियां बताते हुए जागरूक करने का प्रयास भी किया गया है।
उन्होंने बताया, टीबी रोगियों को चिन्हित करने के लिए शहरी क्षेत्रों में भी सघन अभियान चलाया गया। उच्च जोखिम क्षेत्र में कच्ची बस्ती, जिला कारागृह, वृद्धा आश्रम, निर्माणाधीन क्षेत्र के श्रमिक, रैन बसेरा, छात्रावास, अनाथ आश्रम और ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च जोखिम क्षेत्र खदान, क्रेशर, घनी आबादी, दूर-दराज के क्षेत्र, टीबी के पूर्व रोगी एवं कुपोषित क्षेत्र में घर-घर सर्वे किया गया है।
वर्ष 2020 में मिले 1,388 नए टीबी मरीजए 2,512 हुए स्वस्थ
टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन हेतु चलाए गए विशेष अभियान में वर्ष 2020 में जिले में कुल 1,388 नए टीबी मरीज पाए गए थे एवं उनका उपचार भी शुरू किया गया था और इस दौरान नए और पुराने दोनो मरीजों को मिलाकर 2,512 टीबी मरीजों का उपचार कर उनको टीबी से मुक्त करने में सफलता मिली है।
इतने लोगों को मिला निक्षय पोषण योजना का लाभ
वर्ष 2020 में ही कुल 1,149 टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान निक्षय पोषण योजना के तहत् पोषण आहार हेतु कुल 28.99 लाख रुपए उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किया गया है। वहीं जिले के समस्त 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में टीबी की मुफ्त जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
यहां करा सकते हैं टीबी की जांच
जिला क्षय केन्द्र, पुराना जिला चिकित्सालय परिसर राजनांदगांव में टीबी जांच की आधुनिक मशीन सीबीनॉट के माध्यम से मुफ्त जांच की सुविधा उपलब्ध है। वर्ष 2020 में सीबीनॉट मशीन से कुल 2,263 टीबी मरीजों की मुफ्त जांच की गई है। कुल 8,298 बलगम सैंपल की जांच की गई है। साथ ही 11 जनवरी 2021 से 15 फरवरी 2021 तक विशेष टीबी खोज अभियान संचालित किया गया।
