राजनांदगांव। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के तहत दी गई राशि से वर्ष 2017-18 के कार्य लंबित रखने के लिए सभी के जनपद सीईओ के वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद के तहत तत्कालीन अधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई, जिसमें अनावश्यक विलंब किया गया। ऐसे कार्यों पर विशेष ध्यान देते हुए शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न केवल ग्रामीण, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी कार्य होने चाहिए।कलेक्टर वर्मा ने पहुंचविहीन क्षेत्रों के चिन्हांकन के संबंध में जिला पंचायत सीईओ से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्र, जो बरसात के दिनों में मुख्य मार्ग से कट जाते हैं, उनको चयनित कर योजनाबद्ध तरीके से रोड, पुल-पुलिया के निर्माण की आवश्यकता है। सभी जनपद सीईओ को ऐसे पहुंचविहीन क्षेत्रों के लिए प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना मजबूत होने पर खाद्यान्ना एवं अन्य सुविधाओं को ऐसे ग्रामों तक पहुंचाना आसान होगा।
धान को सुरक्षित रखने की जरूरत : कलेक्टर वर्मा ने धान खरीदी सत्यापन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मौसम को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी केंद्र में धान को सुरक्षित रखने की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने सहकारिता, खाद्य एवं जिला विपणन अधिकारी को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। सोसायटी की मदद करते हुए खरीदे गये धान की सुरक्षा के इंतजाम करने के लिए कहा। सोसायटी में ड्रेनेज की व्यवस्था होनी चाहिए। बारिश होने की स्थिति में पानी नहीं रुकना चाहिए। जिला विपणन अधिकारी से डीओ के काटने के संबंध में जानकारी ली।वर्मा कम्पोस्ट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करना है : अधिकारियों से कहा कि किसानों को वर्मी कम्पोस्ट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करना है। गोठान में मल्टीएक्टीविटी सेंटर बनाने के संबंध में जानकारी ली। सहायक संचालक उद्यान श्री राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत कर्न्वजेन्स के अंतर्गत छुरिया विकासखंड के ग्राम पेंड्रीडीह में उद्यानिकी विभाग द्वारा मशरूम उत्पादन यूनिट की स्थापना की जाएगी, जिसका संचालन जय मां सरस्वती महिला स्वसहायता समूह द्वारा किया जाएगा। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि श्री जीएस धु्रर्वे से कहा कि किसानों को धान के अलावा अन्य फसल मूंग, उड़द, मक्का, गन्नाा जैसे फसल लेने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम मनरेगा के तहत श्रमिकों को रोजगार दिलाने के लिए सचिव एवं रोजगार सहायक की बैठक लेकर श्रमिकों की संख्या बढ़ाएं। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अजीत वसंत, अपर कलेक्टर हरिकृष्ण शर्मा, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे सहित सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए विकासखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।
