राजनांदगांव 23 अप्रैल 2020। कलेक्टर श्री जयप्रकाश मौर्य ने आज कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर पेण्ड्री के शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 500 बिस्तर के कोरोना इलाज अस्पताल बनाने की तैयारियों की समीक्षा की। श्री मौर्य ने अधिकारियों को हफ्ता 10 दिन के अंदर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में आंशिक छूट देने की वजह से आम लोगों का आनाजाना शुरू हो गया है। भविष्य में कोरोना वायरस का प्रभाव बढऩे की आशंका है। इस स्थिति में कोरोना इलाज अस्पताल को इलाज के लिए पूर्ण रूप से सुविधायुक्त बनाना जरूरी है।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री ओंकार यदु, अपर कलेक्टर श्री हरिकृष्ण शर्मा, एसडीएम राजनांदगांव श्री मुकेश रावटे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. रेणुका गहिने, अधीक्षक डॉ. प्रदीप बेक, डॉ. अजेय कोसम, डॉ. विजय अंबादे, डॉ. नीति भूषण चंदेल, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री नेताम, अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग श्री जितेन्द्र राजपाली सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री मौर्य ने बैठक में सबसे पहले कोरोना वायरस संक्रमण के वर्तमान दौर के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। श्री मौर्य ने कहा कि संक्रमण बढऩे की आंशकाओं को देखते हुए संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी उपाय करने की जरूरत है। श्री मौर्य ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधिकारियों से कोरोना इलाज अस्पताल बनाने की तैयारियों के संबंध में गहन चर्चा की। उन्होंने कहा कि शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रस्तावित कोरोना इलाज अस्पताल के लिए पूरे 500 बेड की तैयारी की जाए। कलेक्टर श्री मौर्य ने कहा कि चार स्थानों सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोमनी, मॉडल कॉलेज, एकलव्य छात्रावास तथा बरगा के ट्रेनिंग सेन्टर को क्वारेंटाईन सेन्टर बनाने की तैयारी की गई है। इसी प्रकार शहर के 4 निजी अस्पतालों को आईसोलेशन सेन्टर बनाने का प्रस्ताव है। श्री मौर्य ने कोरोना पॉजिटिव के इलाज के लिए समुचित प्रशिक्षण की जरूरत पर जोर दिया और इसके लिए अधिकारियों को तैयारियां करने के निर्देश दिए। श्री मौर्य ने अधिकारियों को कोरोना संक्रमण से उत्पन्न होने वाली हर परिस्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए।
श्री मौर्य ने अधिकारियों से कोरोना इलाज अस्पताल के लिए जरूरी सुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना इलाज अस्पताल के लिए बेड, वेन्टीलेटर वॉटर कुलर, विन्डो कुलर, वाशिंग मशीन, स्वीपिंग मशीन, वार्डों के लिए टीवी, आरओ, संचार सुविधा की तत्काल जरूरत पड़ेगी। कलेक्टर श्री मौर्य ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जरूरत के अनुरूप अस्पताल में सुविधाएं विकसित करने तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
