राजनांदगांव रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर पांच लोगों से 17 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। मामले की शिकायत के बाद डोंगरगढ़ निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि बसंतपुर निवासी प्रार्थी गोरेलाल साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी। डोंगरगढ़ निवासी आरोपी राजेश साहू ने उससे और चार अन्य लोगों को रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा दिया।
इसके लिए सभी से कुल 17 लाख रुपए लिए। लेकिन किसी की भी नौकरी नहीं लगी। वहीं आरोपी ने रकम तक वापस नहीं की। रुपए मांगने पर आना-कानी करता रहा। जिससे परेशान होकर सभी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी राजेश साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
