राजनांदगांव। कोरोना काल के 11 महीनों के बाद सोमवार से स्कूलों में रौनक लौट आई है। लंबे समय बाद स्कूल खुलने का उत्साह विद्यार्थियों में खुलकर सामने आया। स्कूल पहुंचते ही सभी विद्यार्थी अपने सहपाठी मित्रों से मिले। भले ही स्कूलों के पट नवमीं से 12 वीं तक की कक्षा के लिए खुले हो, पर विद्यार्थियों की चहल-पहल होने से स्कूलों में रौनक बढ़ गई है। स्कूलों में पहले दिन विद्यार्थियों की संख्या कम जरूर रही, लेकिन उत्साह पहले जैसा ही दिखा। पहले दिन शिक्षकों ने बच्चों को कोरोना संक्रमण के बचाव का पाठ पढ़ाया गया। वहीं सामाजिक दूरी के नियम भी बताए गए। स्कूलों में सामाजिक दूरी को लेकर एक टेबल पर एक ही बच्चे को बैठाया गया। खास बात यह रही कि स्कूली बच्चे मास्क में नजर आए। इधर डीइओ एचआर सोम ने भी स्कूल खुलते ही सभी प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिया है कि स्कूलों में साफ-सफाई नियमित कराएं। सैनिटाइजर की व्यवस्था रखें। सामाजिक दूरी बनाएं। वहीं लंच और पानी बच्चे अपने घर से ही लेकर आएं। डीइओ ने सभी प्राचार्यों को कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए जारी गाइड लाइन का पालन कराने के निर्देश भी दिए हैं।
स्कूल में प्रवेश से पहले सैनिटाइजरस्कूलों में सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी, ताकि स्कूल में प्रवेश से पहले बच्चे हाथों को सैनिटाइज कर लें। हुआ भी ऐसा ही। शहर के स्टेट हाइस्कूल, म्युनिस्पिल स्कूल, ठा. प्यारेलाल स्कूल, बसंतपुर डा. बल्देव प्रसाद मिश्र, स्टेशन पारा महारानी लक्ष्मी बाई हाईस्कूल, चिखली शासकीय हाईस्कूल समेत शहर के आसपास के सभी स्कूलों में सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी। स्कूल पहुंचते ही बच्चों को मास्क और सैनिटाइजर की उपयोगिता के बारे में बताया गया। कक्षाओं में जाने से पहले बच्चों ने हाथों को सैनिटाइजर किया। वहीं स्कूल के सहपाठियों से दूरी भी बनाए रखी। पस्थिति कम रही, पर उत्साह अधिकपहला दिन होने के कारण स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या भले ही कम रही। लेकिन बच्चों में उत्साह की कहीं भी कमी नहीं दिखी। स्कूलों के पट खुलते ही बच्चों की चहल-पहल स्कूल परिसर में बनी रही। स्कूल पहुंचते ही विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से मुलाकात की और सामाजिक दूरी रखकर ऑनलाइन क्लास में दिए गए असाइनमेंट के सब्जेक्ट पर बातचीत की। शहर में सबसे अधिक म्युनिस्पिल और स्टेट हाइस्कूल में विद्यार्थी हैं। यहां भी पहले दिन विद्यार्थियों की संख्या कम दर्ज की गई, लेकिन स्कूल खुलने का उत्साह उपस्थित बच्चों में खुलकर नजर आया। ताला खुलते ही स्कूलों में पहुंचा डीइओ का निर्देशसोमवार को स्कूलों का ताला खुलते ही जिला शिक्षा अधिकारी एचआर सोम का सभी प्राचार्यो के पास निर्देश पहुंचा। डीईओ ने सभी स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश जारी किया है कि स्कूलों में साफ-सफाई रखें। सामाजिक दूरी का पालन कराएं, अगर किसी कक्षा में क्षमता से अधिक छात्र अध्यनरत हैं तो तीन-तीन घंटे की पाली में विभाजन करके अध्यापन कार्य कराएं। प्रायोगिक परीक्षा स्थानीय शिक्षकों के द्वारा जल्द पूर्ण कराएं। सर्दी-जुकाम या बुखार व कोरोना के कोई भी लक्षण बच्चों में दिखे तो उसे कक्षा में बैठने ना दें, बल्कि तत्काल उसकी कोरोना जांच कराएं।
