बिलासपुर. मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। गर्मी के बाद बारिश की संभावना बन रही है। मध्य महाराष्ट्र के उपर आसमान में 0.9 किलोमीटर का एक चक्रीय चक्रवात सक्रिय है। विपरित हवाओं के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी इसका असर होगा। बिलासपुर संभाग में 16 फरवरी की शाम से 19 फरवरी की सुबह तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। जिसके कारण हल्की से मध्यम वर्षा होने की भी संभावना है।
बिलासपुर में सोमवार की सुबह न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पूर्व 18.0 डिग्री था। तापमान में कमी आने के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली है। दिन में अधिकतम तापमान अभी 31.1 डिग्री के आसपास है। जिस वजह से लोगांे को उमस ने परेशान कर रखा है।धूप अब चुभने लगी है। घरों में एसी, कूलर और पंखा चलाना पड़ रहा है। मौसम में हुए अचानक इस परिवर्तन का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। स्पष्ट शब्दों में कहें तो शहर में ठंड लगभग गायब हो चुकी है। दिन के साथ रात में भी गर्मी का अहसास होने लगा है। विपरित हवओं के प्रभाव से होगी वर्षा
मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में अभी सबसे कम तापमान 12.5 डिग्री अंबिकापुर में है। जबकि रायपुर सबसे गर्म है। अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया है। प्रदेश में 16 फरवरी से बारिश की संभावना है। दरसल मध्य महाराष्ट्र के उपर एक चक्रीय चक्रवात सक्रिय है। हवाओं के विपरित गुणों के कारण यह स्थिति निर्मित हो रही है। 17 एवं 18 को प्रभाव थोड़ा अधिक रहेगा।
