रायपुर, राज्य ब्यूरो। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की ओर से उपलब्ध कराए गए पांच मोबाइल एटीएम वैन का उद्घाटन किया। सिंहदेव ने कहा कि ग्रामीण विकास बैंक ऐसा परिवार है, जिसने लोगों के बीच अपनी साख और विश्वसनीयता को बनाकर रखा है।
जन-जन के द्वार पर बैंकिंग सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से बैंक मोबाइल एटीएम वैन शुरू किया गया है। इससे अब सुदूर अंचलों के लोग लाभांवित होंगे। इनमें से दो वाहन सरगुजा क्षेत्र, दो वाहन बस्तर और एक वाहन राजनांदगांव में अपनी सेवाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि हमने पांच पंचायतों में एक बैंक सखी निर्धारित करने का लक्ष्य रखा है। इससे सुदूर क्षेत्रों में निवासरत वृद्धजनों को पेंशन प्राप्त हो सके।
सिंहदेव ने कहा कि ग्रामीणों को नगद निकासी की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराने के लिए बैंक द्वारा सरगुजा, कोरिया, बस्तर, रायपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव जिले में एक-एक मोबाइल एटीएम भेजी जाएगी। बैंकिंग सेवाओं और एटीएम की कमी वाले दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल एटीएम मौजूद रहेंगे, जिससे लोगों को नकद के लिए दूर स्थित बैंक या एटीएम तक जाना न पड़े।
इससे ग्रामीणों को अपने खाते से छोटी-छोटी राशियों की निकासी के लिए बार-बार बैंक या एटीएम तक आने-जाने में लगने वाले समय, श्रम और धन की बचत होगी। आपका बैंक आपके द्वार के ध्येय के साथ शुरू यह सेवा लोगों को उनके गांव में ही नकद निकासी की सुविधा प्रदान करेगी।
ग्रामीण बैंक की 310 शाखाएं नक्सल प्रभावित क्षेत्र में
सिंहदेव ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक 613 शाखाओं में से 310 शाखाएं नक्सल प्रभावित इलाकों में हैं। इससे साबित होता है कि गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में बैंकिंग सेवा प्रदान करने के लिए बैंक गंभीरता व सक्रियता से कार्य कर रहा है।
सिंहदेव आज सरगुजा प्रवास पर
मंत्री सिंहदेव शनिवार को दोपहर एक बजे रायपुर से विमान द्वारा अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे। वे अंबिकापुर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे रविवार को बैकुंठपुर में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
