दसवीं-बारहवीं सीजी बोर्ड के लिए बुधवार से प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू हो जाएगी। इस परीक्षा के लिए छात्रों को एक साथ नहीं बल्कि बैच के अनुसार बुलाया जाएगा। प्रैक्टिकल परीक्षाएं महीनेभर चलेगी। स्कूलों ने इसके लिए तैयारी कर ली है। शुरुआत में छात्रों को प्रैक्टिकल के बारे में बताया जाएगा व उससे संबंधित उपकरणों से रूबरू कराया जाएगा। इसके बाद स्कूल अपनी सुविधा के अनुसार प्रैक्टिकल एग्जाम लेंगे। कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले साल से स्कूल में पढ़ाई बंद है। लैब बंद है। 10 फरवरी से प्रैक्टिकल शुरू होना है। इसलिए स्कूलों में साफ-सफाई की जा रही है। लैब में महीनो से जमी धूल हटायी जा रही है। स्कूलों में छात्रों को कैसे बुलाना है, इसकी भी समीक्षा की जा रही है। वहीं दूसरी ओर सोमवार को कुछ स्कूलों में ग्रुप के अनुसार बच्चों को बुलाया गया।उन्हें प्रैक्टिकल की जानकारी दी गई। शिक्षाविदों का कहना है कि प्रैक्टिकल के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10 फरवरी से 10 मार्च की तारीख निर्धारित की है। महीनेभर प्रैक्टिकल एग्जाम होंगे। कोरोना संक्रमण को लेकर सालभर से स्कूल बंद हैं। बिना किसी तरह की जानकारी के छात्र कैसे प्रैक्टिकल एग्जाम देंगे। इसलिए स्कूल बैच के अनुसार बच्चों को बुला रहे हैं।उन्हें प्रैक्टिकल की जानकारी दे रहे हैं। प्रैक्टिकल को लेकर सीजी बोर्ड से जुड़े कुछ निजी निजी स्कूलों से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि प्रैक्टिकल एग्जाम 15 फरवरी के बाद शुरू होंगे। कुछ निजी स्कूलों का कहना है कि इस बार प्रैक्टिकल के लिए बाह्य निरीक्षक की अनिवार्यता खत्म की गई है। स्कूल अपने अनुसार प्रैक्टिकल एग्जाम ले सकते हैं। इसलिए अभी बच्चों को प्रैक्टिकल के बारे में जानकारी देने के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद फिर परीक्षा होगी।
