रायपुर। रायपुर नगर निगम के 70 वार्डों में चलाए जा रहे तुंहर सरकार तुंहर द्वार अभियान के तहत मंगलवार को ईश्वरी चरण शुक्ला वार्ड में शिविर लगाया गया। विविध समस्याओं को लेकर इलाके के लोग उमड़ पड़े। राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली बिल, बैंक ऋण, राष्ट्रीय शहरी जीविका मिशन, आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग से संबंधित समस्याओं को लेकर लोग पहुंचे।
इस वार्ड में 10 काउंटर बनाए गए हैं। आवेदन जमा करने इतनी भीड़ उमड़ी कि लोगों को लाइन में लगना पड़ा। महापौर एजाज ढेबर राजधानी से बाहर होने की वजह से नहीं आ सके। इस बीच कुछ लोगों ने शिकायत की, जिस पर मंच में बैठे अतिथि कार्यवाहक महापौर ज्ञानेश शर्मा ने समस्याओं को सुलझाया। उन्होंने आयोजन स्थल पर कई लोगों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मजदूर कार्ड प्रदान किया।
सुबह 11 बजे शिविर शुरू हुआ। इसके लिए 10 बजे से ही लोग पहुंचने लगे थे। हर काउंटर पर लंबी लाइन लगी रही। पहले आवेदन देने की होड़ में धक्का मुक्की हुई, जिससे अव्यवस्था फैल गई। मंच से कार्यवाहक महापौर ज्ञानेश शर्मा को बार बार हस्तक्षेप करके लोगों को समझाना पड़ा, तब कहीं जाकर स्थिति संभली। हालांकि, उन्हें कहना पड़ा कि कुछ विरोधी तत्व माहौल को बिगाड़ने की नीयत से आये हैं, उनके बहकावे में न आएं और किसी भी तरह की दिक्कत हो तो सीधे मुझसे संपर्क करें। कई लोगों ने काम धीमा होने पर सीधे कार्यवाह महापौर से ही संपर्क किया। इससे अफरातफरी की नौबत भी आई पर हालत बिगड़े इससे पहले अधिकारी, कर्मी सक्रिय हो गए।
