????????????????????????????????????
बिलासपुर। संभागायुक्त डा. संजय अलंग ने गुस्र्वार को संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर महत्वपूर्ण योजनाओं और कानूनी व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में आइजी पुलिस रतनलाल डांगी भी उपस्थित थे।
मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में संभाग में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। वीआइपी दौरे के समय, अतिक्रमण हटाने के दौरान कानून व्यवस्था निरंतर बनी रहे। यातायात की समस्या को लेकर आम आदमी को होने वाली परेशानी को देखते हुए इस पर सर्वोच्च प्राथमिकता से व्यवस्था बनाने की बात कही।
दुर्घटना को रोकने के लिए हर संभव प्रयास हो। जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग से संबंधित अत्याचार के प्रकरणों में क्षतिपूर्ति मुआवजा वितरण की समीक्षा करने के साथ ही लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। इसके लिए लोक अभियोजक,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी के साथ कलेक्टर और एसपी को नियमित बैठक करने की समझाइश दी। विवचेना के दौरान जाति प्रमाण पत्र को लेकर भी समस्या आती है इसका भी निराकरण होना चाहिए। राजनीतिक व्यक्तियों पर पुलिस में दर्ज मामलों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने कहा। संभागायुक्त ने संभाग के सभी जिलों में शत प्रतिशत गोठान निर्माण की समीक्षा की। जगह को लेकर आ रही समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर बिलासपुर डा. सारांश मित्तर, जांजगीर कलेक्टर यशवंत कुमार, रायगढ़ कलेक्टर भीमसिंह, कोरबा कलेक्टर किरण कौशल, मुंगेली कलेक्टर पीएस एल्मा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कलेक्टर नम्रता गांधी सहित सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।
