0 भाजयुमो कार्यकर्ता और सीएसपी के बीच झूमाझटकी
0 भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
0 अग्निशामक यंत्र का किया गया उपयोग
राजनांदगांव । सीजी पीएससी द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2019 में अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज शहर के मानव मंदिर चौक में मुख्यमंत्री व पीएससी के चेयरमैन टोमन सिंह सोनवानी का पुतला दहन किया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सीजी पीएससी में अनियमितता व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पीएससी के चेयरमैन टोमन सोनवानी को 24 घंटे के भीतर पद से हटाने व मामले की जांच करने सहित चेयरमैन के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग शासन से की गई थी और ऐसा नहीं करने पर पीएसी चेयरमैन व मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने की चेतावनी भी दी गई थी, जिसके तहत आज कार्रवाई नहीं होने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने शहर के मानव मंदिर चौक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सीजी पीएससी के चेयरमैन का पुतला दहन किया। पुतला दहन को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, इसके बावजूद पुलिस को चकमा देते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मानव मंदिर चौक के अलग-अलग दिशा से पुतले लाकर उसे आग के हवाले किया।

अग्निशामक यंत्र का हुआ उपयोग
अब तक पुतला दहन को रोकने के लिए पुलिस आग बुझाने बाल्टी में पानी रखकर ताक में रहती थी लेकिन इस पुतला दहन में पहली बार पुलिस ने अग्निशामक यंत्र का प्रयोग किया। पुतला दहन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव भी मौके पर रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में वीरेंद्र पटेल नाम का एक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहा था और उसके पीछे की सीट का परीक्षार्थी अनुपस्थित था, इसके बावजूद उस परीक्षार्थी को भी इंटरव्यू में बुला लिया गया। मधुसूदन यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को जिन लोगों को पास करना था उनको 2 दिन पहले ही पेपर उपलब्ध करा दिया गया था, उन्होंने कहा कि पीएससी दिखाने के लिए काम कर रही है और किसको पास करना है और किस का चयन करना है यह पहले ही तय हो चुका है।
भाजयुमो कार्यकर्ता और सीएसपी के बीच झूमाझटकी
भाजयुमो द्वारा पुतला दहन करने के दौरान सीएसपी मणि शंकर चंद्रा और भाजयुमो कार्यकर्ता सुमित भाटिया के बीच झुमाझटकी हो गई। यह झुमाझटकी उस समय हुई जब पुलिसकर्मी पुतले के ऊपर अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर रहे थे इसी बीच भाजयुमो कार्यकर्ता सुमित भाटिया द्वारा अग्निशमन यंत्र खींच कर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था, तभी सीएसपी मणिशंकर चन्द्रा और सुमित भाटिया के बीच जमकर कहासुनी हो गई।
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को पुतला दहन से रोकने के लिए तगड़ी पुलिस व्यवस्था की गई थी। इस मामले में नगर पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा पीएससी में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पुतला दहन किए जाने की बात कही गई थी । जिस पर पुलिस के द्वारा पुतला दहन करने से रोका गया और पुतले को छीन लिया गया।
युवा मोर्चा ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा- 2019 में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि अनुपस्थित परीक्षार्थियों को भी इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है, जो एक गंभीर विषय है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आगे और उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
