रायपुर।‘छात्र किसान अधिकार मार्च’ के जरिए एनएसयूआइ शक्ति प्रदर्शन करेगा। किसानों के विषय पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए प्रदेश कार्यालय से राजभवन तक मार्च निकाला जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन शिरकत करेंगे।
मार्च में शामिल होने के लिए नीरज कुंदन दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। रायपुर के विमानतल से राजीव भवन तक रोड शो किया जाएगा। इसके बाद राजीव भवन से ‘छात्र किसान अधिकार मार्च’ निकाला जाएगा, जो राजभवन तक जाएगा। पदाधिकारियों द्वारा राजभवन का घेराव करने का दावा किया जा रहा है।प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन, प्रदेश प्रभारी विशाल चौधरी एवं हजारों कार्यकर्ता पांच सूत्रीय मांग को लेकर राजभवन का घेराव करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जा चुकी है।
चार फरवरी को रायपुर विमानतल से ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा। लगभग रायपुर के 12 स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष रोड शो द्वारा सारे जगह पर पहुंचेंगे। पांच फरवरी को सुबह नौ बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ सड़क मार्ग द्वारा कांकेर रवाना होंगे।
इस दौरान अभनपुर, कुरूद, धमतरी एवं चारामा में उनका स्वागत किया जाएगा। कांकेर में सभा होगी। आकाश् ने कहा कि पांच फरवरी को कांकेर में विशाल सभा करके छात्रों की आवाज को बुलंद की जाएगी और नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू होगा। केंद्र सरकार छात्रों के साथ अन्याय कर रही है।
केंद्र सरकार से एनएसयूआइ छत्तीसगढ़ की प्रमुख मांग
अमरकंटक आदिवासी विश्वविद्यालय का छत्तीसगढ़ में कैंपस खोला जाए।
छत्तीसगढ़ में सीबीएससी एवं यूजीसी का स्थानीय कार्यालय शुरू किया जाए।
तीन काले कृषि कानून को वापस लिया जाए।
छत्तीसगढ़ में संभागवार नए सैनिक स्कूल की स्थापना की जाए।
छत्तीसगढ़ में नए केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए।
