रायपुर। : पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में जेम्स एंड ज्वेलरी पर त्रिवर्षीय जेमोलाजिकल पाठ्यक्रम आगामी शिक्षा सत्र से शुरू होने के संकेत है। इससे युवाओं को बेहतर शिक्षा के लिए प्रदेश के बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहीं, रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो जाएंगे।
इस संबंध में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डाक्टर केशरीलाल वर्मा, छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष जितेंद्र बरलोटा और रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू सहित अन्य पदाधिकारियों की बैठक हुई। रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि बुधवार को पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय में कुलपति डा. केशरीलाल वर्मा के साथ बैठक हुई।
बैठक में कुलपति ने त्रिवर्षीय जेमोलाजिकल पाठ्यक्रम प्रारंभ करने को सैद्धांतिक सहमति दे दी है और बची हुई सारी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली है। पाठ्यक्रम से संबंधित दस्तावेज राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत भी कर दिया गया है और पाठ्यक्रम के लिए उपयुक्त राशि मिलते ही आगामी सत्र से पाठ्यक्रम प्रारंभ होने की पूर्ण संभावना जताई है।
युवाओं को मिलेगा रोजगार
सराफा कारोबारियों का कहना है कि जेम्स एंड ज्वेलरी पर त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम प्रारंभ होने से जहां स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। वहीं, राज्य में उपलब्ध खनिज संपदाओं की खोज भी हो सकेगी। इसके साथ ही सराफा क्षेत्र में करियर बनाना चाह रहे युवाओं को शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। युवा काफी कम खर्च में राजधानी में ही पढ़ाई कर सकते हैं। इसके साथ ही जल्द ही राजधानी में पंडरी में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क भी तैयार हो रहा है। जहां एक छत के नीचे ही सराफा कारोबारियों के साथ ही कारीगर व अन्य चीजें रहेंगी। यहां 500 दुकानों का निर्माण होना है। इससे छत्तीसगढ़ का अर्थतंत्र भी सुध्ारेगा। रोजगार की संभावनाओं को बल मिलेगा।
