राजनांदगांव 27 जनवरी। नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रकांत कौशिक ने सन सिटी स्थित डी-मार्ट, लखोली चौक स्थित विशाल मेगा मार्ट एवं कृषि उपज मण्डी परिसर बसंतपुर स्थित सुमित मण्डी माल के संचालक को छ.ग. दुकान एवं स्थापना अधिनियम के अंतर्गत अपने प्रतिष्ठानों को प्रत्येक गुरूवार बंद रखने नोटिस जारी किया है।
आयुक्त श्री कौशिक ने बताया कि नगर पालिक निगम राजनांदगांव क्षेत्रांतर्गत समस्त दुकानों/प्रतिष्ठानों को गोमास्ता एक्ट के तहत सप्ताह में एक दिन बंद रखा जाना है। चूंकि डी-मार्ट, विशाल मेगा मार्ट एवं सुमित मण्डी माल के संचालको द्वारा अपने प्रतिष्ठान का संचालन प्रत्येक दिवस में किया जा रहा है, जोकि छ.ग. दुकान एवं स्थापना अधिनियम 1958 में उल्लेखित धाराओं का स्पष्ट उल्लंघन है। अतः उन्होने नोटिस के माध्यम से उपरोक्त प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देशित किया है कि आप अपने प्रतिष्ठान प्रत्येक गुरूवार के दिन बंद रखे एवं कोविड-19 के संक्रमण से नियंत्रण व बचाव हेतु शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करे। अपालन की स्थिति में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005, महामारी अधिनियम 1897 एवं भारतीय दण्ड संहिता (1860 का 45) की धारा 188 के तहत कार्यवाही की जावेंगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित संचालक के प्रति होगी।
शासन द्वारा स्वीकृत 04 गौठाने मोहारा, बजरंगपुर नवगांव, रेवाडीह एवं लखोली में ही गोबर खरीदी
राजनांदगांव 27 जनवरी। नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि शासन द्वारा स्वीकृत 04 स्थानों क्रमशः मोहारा, बजरंगपुर नवागांव, रेवाडीह एवं लखोली में ही नगर पालिक निगम द्वारा गौठानों का संचालन किया जा रहा है। प्रारंभ में योजना के प्रचार प्रसार एवं स्थानीय पशुपालकों की सुविधा को देखते हुए उक्त 04 गौठानों के अतिरिक्त शहर में स्थित 08 गारबेज क्लीनिक (एस.एल.आर.एम. सेंटरों) में गोबर खरीदी नगर पालिक निगम राजनांदगांव के द्वारा किया जा रहा था।
आयुक्त श्री कौशिक ने बताया कि शहर में स्थित उक्त एस.एल.आर.एम. सेंटरों में जगह की कमी एवं आस पास के रहने वाले स्थानीय लोगों की शिकायत पर उक्त सेन्टरों को बंद किया गया है। शासन निर्देशों का पालन करते हुये शासन द्वारा स्वीकृत गौठान सेंटर मोहारा, बजरंगपुर नवागांव, रेवाडीह एवं लखोली में पशुपालकों से गोबर क्रय किया जा रहा है। शासन के नियमो का उल्लंघन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से शासन द्वारा स्वीकृत उक्त 4 केन्द्रों में गोबर बिक्री करने की अपील की है।
